पानी, रोजगार और प्रदूषण के मुद्दों पर घेरा; क्षेत्र के विकास के लिए बजट और समयसीमा तय करने की मांग
राव तुलाराम के नाम पर केवल राजनीति करने का आरोप, अहीरवाल के पिछड़ेपन के लिए बड़े राजनीतिक घरानों को ठहराया जिम्मेदार

रेवाड़ी, 1 नवंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव एवं रेवाड़ी के पूर्व विधायक रघु यादव ने कहा कि दक्षिणी हरियाणा की जनता के साथ भेदभाव अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदेश सरकार को पानी, सिंचाई, रोजगार, प्रदूषण नियंत्रण और क्षेत्रीय विकास के मुद्दों पर जनता के सामने अपना हिसाब रखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे इस क्षेत्र को ठोस समाधान के बजाय केवल आश्वासन मिल रहे हैं।
पत्रकार वार्ता में रघु यादव ने आरोप लगाया कि राव तुलाराम के नाम पर केवल राजनीति की जाती है, जबकि अहीरवाल के विकास और जनता के अधिकारों की अनदेखी होती रही है। उन्होंने क्षेत्र के पिछड़ेपन के लिए बड़े राजनीतिक घरानों को भी जिम्मेदार ठहराया।
रघु यादव ने कहा कि दक्षिणी हरियाणा के लिए पानी जीवन और भविष्य का सवाल है। उनके अनुसार, किसान पर्याप्त नहरी पानी की प्रतीक्षा कर रहे हैं और अनेक गांवों में लोग पेयजल संकट का सामना कर रहे हैं। गिरता भूजल स्तर समस्या को और गंभीर बना रहा है। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्षेत्र के हिस्से का पर्याप्त पानी पहुंचाने के लिए अब तक कौन से ठोस कदम उठाए गए हैं। केवल घोषणाओं से न खेतों की प्यास बुझेगी और न घरों तक पानी पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि पानी की कमी के साथ खेती की बढ़ती लागत, फसल खरीद और भुगतान से जुड़ी समस्याएं किसानों की परेशानी बढ़ा रही हैं। पर्याप्त सिंचाई, फसलों का उचित मूल्य और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। किसानों को बार-बार सरकारी कार्यालयों और मंडियों के चक्कर लगाने पड़ना व्यवस्था की विफलता है।
औद्योगिक प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए रघु यादव ने कहा कि रेवाड़ी, धारूहेड़ा और बावल के औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदूषित पानी तथा जलस्रोतों की गुणवत्ता को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। उन्होंने मसानी बैराज और साबी नदी क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। साथ ही प्रदूषण फैलाने वाली इकाइयों की निष्पक्ष जांच, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई और प्रभावित गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
रोजगार के सवाल पर उन्होंने कहा कि बावल, धारूहेड़ा, गुरुग्राम और मानेसर में बड़ी औद्योगिक इकाइयां स्थापित होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार को बताना चाहिए कि इन उद्योगों से क्षेत्र के युवाओं को कितना लाभ मिला। उन्होंने स्थानीय युवाओं के कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार में भागीदारी बढ़ाने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।
रघु यादव ने कहा कि सड़कों, जलनिकासी, मलजल निकासी व्यवस्था, सरकारी अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और ग्रामीण सुविधाओं में सुधार के लिए विशेष कार्ययोजना बनाई जानी चाहिए। सरकार स्पष्ट बजट, समयसीमा और जवाबदेही तय करे। जनता को जानने का अधिकार है कि क्षेत्र के लिए कितनी धनराशि स्वीकृत हुई, कितना काम पूरा हुआ और कितने वादे अधूरे हैं।
उन्होंने कहा, “दक्षिणी हरियाणा कोई लावारिस क्षेत्र नहीं है। यहां के लोग भी हरियाणा के बराबर के नागरिक हैं। हमें खैरात नहीं, अपना हक चाहिए; खोखले वादे नहीं, जमीन पर विकास चाहिए।” उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति या क्षेत्र के विरोध में नहीं, बल्कि दक्षिणी हरियाणा को उसका न्यायसंगत अधिकार दिलाने के लिए है।
रघु यादव ने कहा कि इनेलो दक्षिणी हरियाणा सहित पूरे प्रदेश के जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाती रहेगी। पार्टी कार्यकर्ता किसान कल्याण, युवाओं के रोजगार और संतुलित क्षेत्रीय विकास के मुद्दों के साथ जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने इनेलो की अगली सरकार बनाने और चौधरी अभय सिंह चौटाला को मुख्यमंत्री बनाने का राजनीतिक संकल्प दोहराया।
पत्रकार वार्ता में जिला प्रधान डॉ. राजपाल यादव, प्रदेश प्रवक्ता अधिवक्ता रजवन्त डहीनवाल, महिला प्रधान कमला शर्मा, वरिष्ठ नेता सम्पत राम ढहनवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामकिशन छिल्लर, रेवाड़ी हलका प्रधान वरुण गांधी, कोसली हलका प्रधान कुलदीप यादव, वरिष्ठ नेता जितेन्द्र देशवाल, विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अधिवक्ता सतीश यादव, शहरी प्रधान गौरव सैनी, जिला प्रचार सचिव सुरेन्द्र डूडी, कैलाश सैनी और अधिवक्ता चन्द्र प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।








