सीएनजी की किल्लत और सिलेंडर जांच में देरी का मुद्दा उठा, 17 ऑटो स्टैंडों के प्रधान बैठक में शामिल
विधायक मुकेश शर्मा से मिलकर राहत की मांग करेगा हरियाणा ऑटो चालक संघ
गुरुग्राम, 1 नवंबर। सीएनजी की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने और सिलेंडरों की जांच में लंबा इंतजार करने से ऑटो चालकों की आजीविका प्रभावित हो रही है। दीपावली से पहले इन समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि चालकों के परिवार खुशी से त्योहार मना सकें। यह मांग भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मजदूर महासंघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने रविवार को मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर आयोजित बैठक में उठाई।
हरियाणा दिवस पर भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध हरियाणा ऑटो चालक संघ की इस बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष महीपाल ने की। मुख्य अतिथि योगेश शर्मा ने ऑटो चालकों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आगामी रणनीति पर चर्चा की।
बैठक में गुरुग्राम के 17 ऑटो स्टैंडों के प्रधानों ने सीएनजी पंपों पर पर्याप्त गैस नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने सीएनजी सिलेंडरों की जांच के नाम पर कथित अनियमितताओं और धांधली पर रोक लगाने की मांग भी उठाई।
योगेश शर्मा ने प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सीएनजी की उपलब्धता में परेशानी से ऑटो चालकों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो रहा है। इससे परिवार का खर्च चलाना कठिन हो गया है। उन्होंने बताया कि संघ का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही स्थानीय विधायक मुकेश शर्मा से मुलाकात कर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग करेगा।
शर्मा के अनुसार, गुरुग्राम में सीएनजी सिलेंडर जांच केंद्रों की संख्या सीमित होने के कारण चालकों को जांच के लिए लगभग दो से तीन महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल विधायक के समक्ष यह समस्या भी रखेगा और उचित राहत की मांग करेगा, ताकि चालक अनावश्यक परेशानी से बच सकें तथा अपने परिवार के साथ सम्मानपूर्वक दीपावली मना सकें।
उन्होंने कहा कि ऑटो चालक दिन-रात मेहनत करके शहर की परिवहन व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। सरकार और प्रशासन को उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील होकर त्वरित समाधान करना चाहिए, ताकि किसी ऑटो चालक के लिए दीपावली का पावन पर्व काली दीपावली साबित न हो।
बैठक में उपस्थित स्टैंड प्रधानों और कार्यकर्ताओं ने समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने तथा संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक के बाद राजू शर्मा की ओर से चालकों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।








