*गुरुग्राम में हीरक जयंती समारोह में लोक संस्कृति, कला और ऐतिहासिक विरासत की दिखी झलक*
*रागनी, लोकगीतों और पारंपरिक लोकनृत्यों ने बांधा समां, हरियाणा की सिनेमाई विरासत पर आधारित प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र*

गुरुग्राम, 1 नवंबर। हरियाणा के छह दशकों की विकास यात्रा, ऐतिहासिक उपलब्धियों और समृद्ध लोक परंपराओं को उत्सव के रूप में मनाने के लिए रविवार को जिला प्रशासन गुरुग्राम की ओर से सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार (जॉन हॉल) में हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला तथा डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।कार्यक्रम में हरियाणा की लोक संस्कृति, कला, परंपराओं और गौरवशाली विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली।

मुख्य अतिथि मेयर राजरानी मल्होत्रा ने दीप प्रज्ज्वलित करने उपरांत अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस एवं हीरक जयंती की बधाई देते हुए कहा कि हरियाणा ने बीते 60 वर्षों में विकास के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में प्रदेश ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की असली ताकत यहां के मेहनतकश किसान, जवान, खिलाड़ी और कर्मठ नागरिक हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

मेयर ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में रची-बसी लोक संस्कृति, परंपराएं और सामाजिक मूल्य हमारी अमूल्य धरोहर हैं। नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और ऐतिहासिक विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है। हीरक जयंती जैसे आयोजन न केवल हमारी उपलब्धियों का उत्सव हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रदेश के गौरवशाली इतिहास से परिचित कराने का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने प्रदेश की एकता, समरसता और विकास की भावना को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

समारोह में कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसके माध्यम से उपस्थित लोगों ने राज्य स्तरीय आयोजन की गतिविधियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सीधा अवलोकन किया। वहीं, गुरुग्राम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा के सिनेमाई सफर पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। हरियाणवीं कलाकार मोंटी शर्मा के ग्रुप द्वारा रागनी, लोकगीतों तथा देव समाज स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक हरियाणवी लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभागार में हरियाणवी रंग और उत्सव का माहौल बना दिया। आयोजन स्थल पर हरियाणा के नक्शे और हीरक जयंती की थीम पर आधारित आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जो समारोह का विशेष आकर्षण रही।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा, एडीआईओ नवीन अहलावत, शिक्षा विभाग से एईओ जगदीश अहलावत, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति के अध्यक्ष कपूर सिंह दलाल, सूबेदार बिजेंद्र सिंह ठाकरान, प्राचार्य संगीता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
*हरियाणा की सिनेमाई विरासत पर विशेष प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र*
सिनेमैटिक हरियाणा एवं मिशन हरियाणा की ओर से हरियाणवी सिनेमा के गौरवशाली इतिहास और उसके विकास के सफर पर आधारित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में हरियाणवी फिल्मों के शुरुआती दौर से लेकर वर्तमान तक के सफर, उनके विकास और फिल्म जगत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को तस्वीरों एवं अन्य माध्यमों के जरिए आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर सिनेमैटिक हरियाणा के संस्थापक पुनीत शर्मा ने हरियाणवी सिनेमा के इतिहास, उसके शुरुआती दौर, प्रमुख उपलब्धियों और अब तक की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने हरियाणवी फिल्म जगत से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं और ऐतिहासिक तथ्यों को भी साझा किया।








