हरियाणा के 60 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में मनाया जा रहा हीरक जयंती उत्सव
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध
कुरुक्षेत्र/चंडीगढ़ 31 अक्टूबर,प्रमोद कौशिक । हरियाणा के गठन के 60 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे हीरक जयंती उत्सव के राज्यस्तरीय समारोह को लेकर धर्मनगरी कुरुक्षेत्र पूरी तरह तैयार है। एक नवंबर को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति के आगमन और कार्यक्रम की गरिमा को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके तहत 31 अक्टूबर व 1 नवंबर को पूरे कुरुक्षेत्र जिले को ड्रोन प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है।
डीसी विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान श्री देवीकूप भद्रकाली मंदिर, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय और गुरुकुल सहित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगी। दौरे की शुरुआत भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में हरियाणा के 60 वर्षों के इतिहास, विकास एवं उपलब्धियों तथा वर्ष 2047 तक विकसित हरियाणा की परिकल्पना पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगी। इसके उपरांत विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद राष्ट्रपति गुरुकुल में महान स्वतंत्रता सेनानी स्वामी श्रद्धानंद जी के बलिदान के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगी।
राष्ट्रपति के दौरे के मद्देनजर जिलाधीश की ओर से 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को पूरे कुरुक्षेत्र जिले को ड्रोन उड़ाने के लिए नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 तथा ड्रोन नियम 2021 के नियम 24 के तहत जारी आदेशों के अनुसार जिले को रेड जोन भी घोषित किया गया है। आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।








