अपनी ही पार्टी में राव इंद्रजीत की कद्र नहीं, विकास की उम्मीद बेमानी: राज बब्बर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली की रैली की तैयारियों को लेकर गुरुग्राम में बैठक, कार्यकर्ताओं से अधिक भागीदारी का आह्वान

इंदिरा गांधी को अर्पित किए श्रद्धासुमन, सरदार पटेल की जयंती पर किया नमन

गुरुग्राम, 31 अक्टूबर। पूर्व सांसद एवं गुड़गांव लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रहे राज बब्बर ने केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस नेता की अपनी ही पार्टी में कद्र नहीं हो, उससे क्षेत्र के विकास और जनता के काम कराने की उम्मीद बेमानी है। वह रविवार, 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली की तैयारियों को लेकर गुरुग्राम में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर, ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव सहित अनेक नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इससे पहले नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन किया।

राज बब्बर ने दावा किया कि राव इंद्रजीत सिंह ने विभाजन विभीषिका के एक कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में स्वयं कहा था कि उन्हें पार्टी के प्रमुख कार्यक्रमों में आमंत्रित तक नहीं किया जाता। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सत्तारूढ़ दल में ही केंद्रीय मंत्री की बात को महत्व नहीं मिल रहा, तो वह क्षेत्र के हितों की प्रभावी पैरवी कैसे करेंगे।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर भीड़ के सहारे सत्ता हासिल करने की कोशिश संबंधी भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए राज बब्बर ने कहा कि भाजपा को दूसरों पर सवाल उठाने से पहले अपना राजनीतिक इतिहास देखना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2013-14 में भाजपा ने घोटालों को लेकर झूठा विमर्श खड़ा किया और जनभावनाओं का राजनीतिक लाभ उठाकर सत्ता हासिल की।

राज बब्बर ने कहा कि रामलीला मैदान की रैली विपक्षी इंडिया गठबंधन की एकजुटता तथा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को रैली में लेकर पहुंचने का आह्वान किया। भाजपा की नीतियों को विभाजनकारी बताते हुए उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है।

राहुल गांधी और खरगे के साथ मजबूती से खड़े हैं कार्यकर्ता: डावर

कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष पंकज डावर ने कहा कि रैली में गुरुग्राम शहर से बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए खंड, मंडल और मतदान केंद्र स्तर की टोलियां तैयार हैं। रविवार सुबह से ही कार्यकर्ताओं को लेकर बसें दिल्ली के लिए रवाना होंगी। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के कार्यकर्ता राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ मजबूती से खड़े हैं।

डावर ने आरोप लगाया कि महंगाई से गरीब परिवारों का बजट बिगड़ गया है और बेरोजगारी से युवाओं के भविष्य पर संकट बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े इन मुद्दों को उठाने के लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर रैली में भाग लेना चाहिए।

घर-घर पहुंचाएं भारत जोड़ो यात्रा का संदेश: वर्धन यादव

ग्रामीण जिलाध्यक्ष वर्धन यादव ने कहा कि जनता अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रही है, जबकि भाजपा निराधार बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के संदेश को घर-घर पहुंचाने की अपील की। यादव ने कहा कि दिल्ली की रैली सरकार की नीतियों के विरोध में जनता की आवाज बुलंद करने का अवसर है। प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत लगाकर इसे सफल बनाए।

इस अवसर पर सूबे सिंह यादव, सुशील भारद्वाज, सीमा पाहुजा, सीमा हुड्डा, शैलजा भाटिया, विकास हुड्डा, हरकेश प्रधान, भोले गुज्जर, पवन चौधरी, करण लोहिया, मनीष खटाना, दीपेश कौशिक, राहुल नंबरदार, श्यामलाल बामनिया, सुशील सहरावत, जयपाल धनकर, भीम सोनी, राजकुमार, पंकज मेहंदीरत्ता, मास्टर महेंद्र सेन, राजीव यादव, अंकित यादव, सतीश सांगवान, नरेश वशिष्ठ, मनोज आहुजा, महावीर कन्हई, कार्तिक गहलोत, सक्षम शर्मा, प्रमोद सैनी, पूनम देवी और ओमप्रकाश खरेरा समेत अनेक नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें