आरटीसी भौंडसी में 151वीं जयंती पर रन फॉर यूनिटी का आयोजन, पुलिसकर्मियों ने ली राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ

गुरुग्राम, 31 अक्टूबर- सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक के.के. राव के मार्गदर्शन में रिक्रूट पुलिस ट्रेनिंग सेंटर (आरटीसी), भौंडसी में रन फॉर यूनिटी एवं राष्ट्रीय एकता और अखंडता शपथ समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक अमरजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान अमरजीत सिंह ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल स्वतंत्र भारत की एकता और अखंडता के सूत्रधार थे। उन्होंने 560 से अधिक देशी रियासतों का एकीकरण कर देश को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनका दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और इच्छाशक्ति आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि देश की आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने और नागरिकों के हितों की रक्षा करने में पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के मूल्यों को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता में एकता है। भाषा, वर्ग, क्षेत्र और संस्कृति की अलग-अलग पहचान होने के बावजूद हम सभी एक राष्ट्र का हिस्सा हैं और राष्ट्रहित सदैव सर्वोपरि है।
समारोह के तहत रन फॉर यूनिटी का आयोजन भी किया गया। इसमें उप निरीक्षक राजवीर, प्रविन्द्र कुमार, अनिता, मुकेश और कृष्ण कुमार सहित ड्रिल कोर्स के प्रशिक्षुओं, प्रथम वाहिनी आईआरबी के जवानों तथा आरटीसी भौंडसी के पुलिसकर्मियों ने भाग लिया।








