पहली नवंबर को स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार में आयोजित होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम, रागनी, लोकगीत और पारंपरिक लोकनृत्यों की होंगी आकर्षक प्रस्तुतियां
गुरुग्राम, 31 अक्टूबर। हरियाणा राज्य ने पहली नवंबर, 2026 रविवार को पृथक राज्य के तौर पर अपनी स्थापना के 60 वर्ष पूर्ण कर लिए है। छः दशकों के इस सफर को इस बार हीरक जयंती के तौर पर मनाया जाएगा। डीसी उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में इस अवसर पर रविवार, 1 नवंबर को जिला प्रशासन गुरुग्राम द्वारा हीरक जयंती समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रविवार को प्रातः 10 बजे सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार (जॉन हॉल) में आयोजित होगा।
जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह के नोडल अधिकारी एवं बादशाहपुर के एसडीएम संजीव कुमार सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य हरियाणा की गौरवशाली संस्कृति, समृद्ध विरासत, लोक परंपराओं और प्रदेश की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाना है। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक उपलब्धियों और गौरवशाली परंपराओं को उत्सव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि समारोह में हरियाणा के सिनेमाई सफर पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही रागनी, लोकगीतों एवं पारंपरिक हरियाणवी लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से हरियाणा की लोककला, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक देखने को मिलेगी।
संजीव सिंगला ने आमजन से समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है, ताकि हरियाणा दिवस को प्रदेश की गौरवशाली विरासत, लोक संस्कृति और उपलब्धियों के उत्सव के रूप में मनाया जा सके।








