रक्तदान महादान, समाज में बढ़ती है मानवता की भावना : सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर सिंह

गुरुग्राम, 8 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हरियाणा राज्य रक्त संचरण परिषद तथा स्वास्थ्य विभाग की ओर से आज जिला के नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 में विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. लोकवीर सिंह ने कहा कि रक्तदान एक महादान है और इससे न केवल जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिलता है, बल्कि समाज में सेवा और मानवता की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि महिला दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति प्रेरित करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

सिविल सर्जन ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग समय-समय पर ऐसे शिविरों का आयोजन करता है ताकि अस्पतालों में रक्त की कमी न होने पाए और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तुरंत रक्त उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रक्त उपलब्ध होना स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसके लिए आमजन की भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और स्वस्थ व्यक्ति नियमित अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने से शरीर में किसी प्रकार की कमजोरी नहीं आती, बल्कि इससे शरीर में नई रक्त कोशिकाओं के निर्माण की प्रक्रिया भी तेज होती है। इसलिए युवाओं सहित सभी योग्य नागरिकों को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।
रक्तदान शिविर से जुड़ी जानकारी देते हुए कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज यादव ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा शिविर में रक्तदाताओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह की व्यवस्था की गई। शिविर में आए रक्तदाताओं को विभाग की ओर से प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित भी किया गया और भविष्य में भी रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान कुल 35 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी साबित होगा। उन्होंने रक्तदान करने वाले सभी दानदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में मानवता और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं।








