मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले सिंगापुर इंडिया बिज़नेस फोरम के अध्यक्ष प्रसून मुखर्जी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा में निवेश के नए अवसरों पर हुई चर्चा

चंडीगढ़, 6 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से शुक्रवार को सिंगापुर इंडिया बिज़नेस फोरम के अध्यक्ष श्री प्रसून मुखर्जी ने मुलाकात की। इस दौरान हरियाणा में औद्योगिक निवेश, व्यापारिक सहयोग तथा सिंगापुर की कंपनियों के लिए उपलब्ध अवसरों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सिंगापुर इंडिया बिज़नेस फोरम और सिंगापुर के निवेशकों को हरियाणा में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देने तथा निवेशकों को अनुकूल माहौल प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार पारदर्शी नीतियों, सरल प्रक्रियाओं और बेहतर बुनियादी ढांचे के माध्यम से निवेश को प्रोत्साहित कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। हरियाणा में निवेश करने के लिए आने वाले निवेशकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी और उनके हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विस्तार से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और प्रदेश की आर्थिक प्रगति को और गति मिलेगी।

बैठक के दौरान गुरुग्राम में सिंगापुर इंडिया बिज़नेस फोरम का बिज़नेस सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में बिज़नेस सेंटर स्थापित होने से सिंगापुर की कंपनियों को हरियाणा में अपने कार्यालय खोलने और निवेश करने के लिए एक बेहतर मंच मिलेगा। इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

इस अवसर पर सिंगापुर इंडिया बिज़नेस फोरम के अध्यक्ष श्री प्रसून मुखर्जी ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को सिंगापुर आने का आमंत्रण दिया। श्री मुखर्जी ने कहा कि सिंगापुर इंडिया बिज़नेस फोरम के निवेशक सिंगापुर सरकार के साथ मिलकर हरियाणा में निवेश के अवसरों को लेकर काफी उत्साहित हैं और भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग की व्यापक संभावनाएं हैं।

बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!