इस बजट से प्रदेश का हर वर्ग सशक्त होगा : मोहन लाल बड़ौली

चंडीगढ़, 02 मार्च। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा प्रस्तुत बजट को कार्यकर्ताओं के साथ सोनीपत में सुना। श्री बड़ौली ने वित्त मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए बजट को विकसित, सशक्त और आत्मनिर्भर हरियाणा के निर्माण के संकल्प को नई दिशा देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 2.23 लाख करोड़ से अधिक का जनहितकारी बजट पेश किया है जो हरियाणा में विकास की रफ्तार को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा कि यह बजट आमजन, किसान और युवा, महिलाएं, छात्र व हर वर्ग के सशक्तिकरण का रोडमैप है। श्री बड़ौली ने आम जन के कल्याण के लिए बजट पेश करने पर मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार जताया और प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में गरीब कल्याण से लेकर उद्योग प्रोत्साहन तक समावेशी विकास की मजबूत नींव पेश की है। बजट में ग्रामीण उन्नति और शहरी आधुनिकीकरण का संतुलित समन्वय है। श्री बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बजट में रोजगार सृजन, कौशल विकास और स्टार्टअप प्रोत्साहन का विस्तृत खाका प्रस्तुत किया है।
श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा का यह बजट डिजिटल, हरित और नवाचार आधारित भविष्य की तैयारी का बजट है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार जनहित में फैसला लेने वाली सरकार है। यही कारण है कि इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि सरकार ने पिछले बजट की 98 प्रतिशत राशि जनहित में खर्च की।
श्री बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले बजट से 10.28 फीसदी अधिक का बजट पेश किया है। उन्होंने कहा कि किसानों को सशक्त करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मधुमक्खी पालन को भी बागवानी बीमा योजना में लाने का ऐलान किया है। गन्ना किसानों को भी बजट में मुख्यमंत्री ने सौगात दी है। सब्जियों के खराबे पर मुख्यमंत्री ने मुआवजा राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये की है। मुख्यमंत्री ने सैमग्रस्त एक लाख एकड़ जमीन को खेली योग्य बनाने का भी ऐलान किया है। सरकार जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए नई योजना तैयार करेगी।
मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हित में काम करने वाली सरकार है। बजट में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने किसान हित में नया बिजली निगम बनाने का बड़ा निर्णय लिया है इससे किसानों को आसानी से नए ट्यूबवेल कनेक्शन मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए दर्जन भर से अधिक ऐसी घोषणाएं की हैं जिनसे किसानों की आय में वृद्धि होगी और किसान सक्षम तथा आत्मनिर्भर बनेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बजट में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ऐतिहासिक घोषणा की है। नायब सरकार 2000 नए वीटा बूथ खोलेगी जिसमें महिला समूहों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था बजट में की है। लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने इसे 1.80 लाख तक किया है जो सराहनीय कदम है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को गाड़ी खरीदने पर एक प्रतिशत टैक्स की छूट दी है।
श्री बड़ौली ने कहा कि “हर नारी स्वस्थ नारी“ योजना के तहत हर जिले में ’स्वस्थ नारी क्लीनिक खोले जाएंगे जिसमें महिलाओं को निशुल्क दवाईयां दी जाएंगी और जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए भी सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। अब सभी स्कूलों में डबल डेस्क लगाने के लिए सरकार ने 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। ताकि बच्चों को टाट पट्टी पर ना बैठना पड़े। ‘‘सुपर 100’’ योजना के तहत मुख्यमंत्री ने सीटें 400 से बढ़ाकर 500 की है इससे शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं युवाओं को मिलेगी।
श्री बड़ौली ने कहा कि बजट में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के लिए बड़ी घोषणा की है। 12 जिलों में नए खेल स्टेडियम बनाएं जाएंगे। वहीं हर जिला में एक खेलो इंडिया सेंटर भी खोला जाएगा। खिलाड़ियों के सरकार का यह बड़ा तोहफा है। उन्होंने कहा कि सीएम सैनी ने कर्मचारियों के स्वास्थ्य को भी ध्यान में रखा है। उन्होंने कहा कि सरकार 5 नई ईएसआई डिस्पेंसरी खोलेगी ताकि श्रमिकों और उनके परिवारों का उचित इलाज हो सके। श्रमिकों के बच्चों को पढ़ाने की व्यवस्था भी मुख्यमंत्री ने की है।








