नायब सिंह सैनी ने 10वीं–12वीं बोर्ड परीक्षाओं को लेकर की उच्चस्तरीय बैठक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जिला उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए दिए सख्त निर्देश

गुरुग्राम/चंडीगढ़। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की आगामी परीक्षाओं के मद्देनज़र मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों (DC) और पुलिस अधीक्षकों (SP) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से विस्तृत बैठक की। बैठक में परीक्षाओं को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल रहित ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं तथा पुलिस सुरक्षा को आवश्यकतानुसार बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए और प्रशासनिक अधिकारी नियमित रूप से केंद्रों का निरीक्षण करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे।

गुरुग्राम में उपायुक्त अजय कुमार लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम से वीडियो कॉन्फ्रेंस में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ परीक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें।

बैठक में उपस्थित शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने भी परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन के लिए स्थानीय स्तर पर भी जनसहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि स्थानीय सरपंचों और ग्राम सभा के सदस्यों का सहयोग लेकर परीक्षा केंद्रों के आसपास अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखी जाए।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता है कि बोर्ड परीक्षाएं पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी हों, ताकि विद्यार्थियों का भविष्य सुरक्षित रहे और शिक्षा व्यवस्था में विश्वास बना रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!