पूर्व चेयरमैन बोले – अधिवक्ताओं के वेलफेयर के लिए हमेशा तत्पर रहा हूं

गुरुग्राम। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा के आगामी 17 एवं 18 मार्च को होने वाले चुनावों को लेकर चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में काउंसिल के पूर्व चेयरमैन एवं हरियाणा के एडिशनल एडवोकेट जनरल मिंदरजीत सिंह यादव ने मंगलवार को गुरुग्राम बार का दौरा कर अधिवक्ताओं से अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।
मिंदरजीत सिंह यादव का काफिला रेवाड़ी कोर्ट से शुरू हुआ, जिसमें रेवाड़ी के लगभग 50 अधिवक्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मानेसर में अधिवक्ता यतन यादव के नेतृत्व में उनका फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ से भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वे अपनी टीम के साथ गुरुग्राम कोर्ट परिसर पहुंचे, जहां वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया।
गुरुग्राम कोर्ट में मिंदरजीत सिंह यादव ने अधिवक्ताओं की सीटों पर जाकर व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और अपने पक्ष में वोट की अपील की। कई अधिवक्ताओं ने उन्हें जीत का आश्वासन भी दिया।

इस अवसर पर गुरुग्राम बार के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं बार काउंसिल के कोऑप्टिड मेंबर सूबे सिंह यादव ने कहा कि चुनाव लड़ना और वोट मांगना सभी का अधिकार है, लेकिन मतदान करते समय यह ध्यान रखना चाहिए कि भूतकाल में किस चेयरमैन ने अधिवक्ताओं के कल्याण के लिए ठोस कार्य किए और भविष्य में कौन सक्षम नेतृत्व दे सकता है।
मिंदरजीत सिंह यादव ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वे सदैव अधिवक्ताओं के वेलफेयर के लिए प्रतिबद्ध रहे हैं। उन्होंने बताया कि बार चुनावों में पहली बार फोटोयुक्त मतदाता सूची तैयार करवाने की पहल उन्होंने ही की थी। इसके अतिरिक्त, युवा अधिवक्ताओं के लिए महंगी विधिक पुस्तकों की समस्या को देखते हुए प्रत्येक बार की लाइब्रेरी में “लॉ फाइंडर” निःशुल्क उपलब्ध कराया गया, जिससे वे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 1955 से अब तक के निर्णयों की प्रामाणिक जानकारी प्राप्त कर सकें।
उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान अधिवक्ताओं की सहायता के लिए लगभग 8 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया और आश्वस्त किया कि भविष्य में भी अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा और कल्याण के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता जगपाल सिंह यादव, संजय यादव, कोऑप्टिड मेंबर संदीप यादव, लोकेश वशिष्ठ, मुकेश भारद्वाज, वीरेंद्र सिंह यादव, बावल बार के पूर्व प्रधान नितिन कौशिक, रेवाड़ी बार के पूर्व उपप्रधान शौकिन शर्मा, निखिल यादव चांदावास, योगेश वशिष्ठ, अंकिता भारद्वाज, अमित मुंढलिया, शुभम राज श्रीवास्तव, विजय सैनी, मोहित यादव, मनीष यादव, योगेश बोलनी, संदीप लेफ्टी, इंद्रजीत यादव, चिराग यादव, नितेश अग्रवाल, सुनीता यादव, सुषमा शर्मा, रेवाड़ी बार के पूर्व सचिव मनप्रिय खोला, जयंत यादव, नरवीर खोला सहित अनेक अधिवक्ताओं ने उनके समर्थन में वोट की अपील की।








