जनविरोधी व दमनकारी नीतियों के खिलाफ हरियाणा कांग्रेस का निर्णायक कदम: 25 फरवरी को विधानसभा का घेराव – राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंडीगढ़, 24 फरवरी 2026 – मौजूदा सरकार की जनविरोधी और दमनकारी नीतियों के विरोध में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की हरियाणा इकाई ने निर्णायक संघर्ष का ऐलान किया है। हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 25 फरवरी को प्रातः 11:00 बजे हरियाणा विधानसभा का घेराव किया जाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विधानसभा घेराव में हरियाणा प्रभारी बी.के. हरिप्रसाद, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सह-प्रभारी जितेंद्र बघेल व प्रफुल्ल गुडथे, सांसद कुमारी शैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा सांसद दीपेंद्र हुड्डा सहित अनेक वरिष्ठ नेता भाग लेंगे। इसके अलावा “मनरेगा बचाओ संग्राम” हरियाणा के समन्वयक श्री लखन सिंगला, सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि आमजन के अधिकारों पर हो रहे निरंतर प्रहार को कांग्रेस किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा के मूल स्वरूप में बदलाव कर सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कमजोर करने पर तुली हुई है। कांग्रेस द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं को समाप्त करने की नीयत से सरकार लगातार निर्णय ले रही है, जिससे जनता पर नई-नई परेशानियां थोपी जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन में किए गए बदलाव बुजुर्गों के सम्मान पर सीधा आघात हैं। राशन कार्डों में नाम काटकर पात्र लाभार्थियों से खाद्य सुरक्षा का अधिकार छीना जा रहा है। वहीं एचपीएससी के माध्यम से की गई भर्तियों में प्रदेश के युवाओं के साथ अन्याय किया जा रहा है, जिसकी कांग्रेस कड़ी निंदा करती है।

प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और आम जनता की आवाज को दबाने वाली नीतियों के खिलाफ पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संघर्ष जारी रखेगी। इसी क्रम में विधानसभा का घेराव कर सरकार को जनता की वास्तविक समस्याओं से अवगत कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और प्रशासनिक दमन ने आम नागरिक का जीवन कठिन बना दिया है। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना संघर्ष निरंतर जारी रखेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें