तैयार रेलखंड पर इंटरसिटी अथवा वंदे भारत ट्रेन शीघ्र चलाई जाए: कुमारी सैलजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

-वर्ष 2013 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने किया था इस नए रेल खंड का शिलान्यास

-ट्रेन चलने से क्षेत्रीय व्यापार, आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों को मजबूती मिलेगी

सिरसा / नई दिल्ली, 5 जनवरी। सिरसा की सांसद, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री कुमारी सैलजा ने रेलवे मंत्रालय से मांग की है कि सिरसा-दिल्ली रेल मार्ग पर इंटरसिटी एक्सप्रेस अथवा वंदे भारत ट्रेन का संचालन अविलंब शुरू किया जाए ताकि आम यात्रियों के साथ-साथ विशेष रूप से व्यापारी वर्ग को सीधा और व्यावहारिक लाभ मिल सके।

कुमारी सैलजा ने कहा कि यह उल्लेखनीय तथ्य है कि वर्ष 2013 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा इस नए रेल खंड का विधिवत शिलान्यास किया गया था। यह परियोजना क्षेत्र की भविष्य की आवश्यकताओं, व्यापारिक गतिविधियों और यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए प्रारंभ की गई थी। उन्होंने कहा कि अब जब यह रेलवे लाइन बनकर पूरी तरह तैयार हो चुकी है, तो रेलवे विभाग को चाहिए कि वह इस पर बिना किसी देरी के यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ करे। सिरसा, हिसार, एवं आसपास के क्षेत्रों के व्यापारी, नौकरीपेशा लोग और विद्यार्थी लंबे समय से ऐसी रेल सेवा की मांग कर रहे हैं, जिससे वे सुबह दिल्ली जाकर अपने कार्य पूरे कर सकें और शाम को वापस लौट सकें।

कुमारी सैलजा ने कहा कि वर्तमान में उपलब्ध रेलगाड़ियों के समय यात्रियों की दैनिक आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। यदि इस मार्ग पर इंटरसिटी एक्सप्रेस या वंदे भारत जैसी तेज़, आधुनिक और समयबद्ध ट्रेन चलाई जाती है, तो इससे न केवल यात्रा सुगम होगी, बल्कि क्षेत्रीय व्यापार, आर्थिक विकास और रोजगार के अवसरों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी केवल यात्रा सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास से सीधे जुड़ा हुआ मुद्दा है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बुनियादी ढांचे के विकास और जनहित को सर्वोपरि रखा है और आगे भी जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाती रहेगी। कुमारी सैलजा ने रेलवे मंत्रालय से आग्रह किया कि वह जनभावनाओं को समझते हुए इस तैयार रेल खंड पर शीघ्र इंटरसिटी एक्सप्रेस अथवा वंदे भारत ट्रेन का संचालन शुरू करने का निर्णय ले।

घग्गर किनारे बसे गांवों में बीमारियों का कहर: कुमारी सैलजा

सिरसा जिले में घग्गर नदी के किनारे बसे 50 से अधिक गांवों में कैंसर, किडनी, स्किन सहित गंभीर बीमारियों के लगातार बढ़ते मामलों पर सांसद कुमारी सैलजा ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 में हुई जांच में सैकड़ों मरीज सामने आए थे, लेकिन उसके बाद न तो नियमित स्वास्थ्य जांच कराई गई और न ही स्थायी इलाज की कोई ठोस व्यवस्था की गई। कुमारी सैलजा ने कहा कि वह इस गंभीर जनस्वास्थ्य संकट को संसद में उठा चुकी हैं और केंद्र सरकार को कई बार पत्र लिखकर प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य, पीने के पानी और पर्यावरण से जुड़े खतरों की ओर ध्यान दिला चुकी हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम न उठाया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार के लिए आम नागरिकों का स्वास्थ्य प्राथमिकता नहीं है। कुमारी सैलजा ने मांग की कि बिना किसी देरी के प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल, नियमित मेडिकल जांच और उपचार की स्थायी व्यवस्था की जाए क्योंकि यह मामला सीधे तौर पर लाखों लोगों के जीवन से जुड़ा हुआ है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें