गुरुग्राम बना योगमय: एक माह तक चले सूर्य नमस्कार अभियान का ऐतिहासिक समापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डॉ. मंजू कुमारी और डॉ. विकास यादव के नेतृत्व में सूर्य नमस्कार बना जन-आंदोलन

विद्यालयों से औद्योगिक इकाइयों तक सामूहिक योग, स्वास्थ्य जागरूकता का सशक्त संदेश

गुरुग्राम। आयुष विभाग हरियाणा एवं हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान में 12 जनवरी से 12 फरवरी 2026 तक चलाए गए एक माह लंबे सूर्य नमस्कार अभियान का जिला गुरुग्राम में भव्य और ऐतिहासिक समापन हुआ। पूरे जिले में व्यापक स्तर पर संचालित इस अभियान ने अभूतपूर्व जनसहभागिता के साथ एक जन-आंदोलन का रूप ले लिया।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. मंजू कुमारी तथा जिला योग कॉर्डिनेटर डॉ. विकास यादव के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अभियान का उद्देश्य आमजन को योग, प्राचीन भारतीय जीवनशैली और स्वस्थ दिनचर्या के प्रति जागरूक करना था, जिसमें जिला प्रशासन और विभिन्न संस्थानों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

एक माह तक जिले के सरकारी व निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, औद्योगिक इकाइयों, सरकारी विभागों और सामाजिक संगठनों में प्रतिदिन सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों ने न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी किया।

अभियान के दौरान जिलेभर में 5 लाख से अधिक लोगों ने सक्रिय भागीदारी कर स्वास्थ्य जागरूकता का सशक्त संदेश दिया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित समाज के हर वर्ग की उल्लेखनीय उपस्थिति ने इस पहल को विशेष बना दिया। आयुष विभाग के योग सहायकों ने प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार की शुद्ध विधि, उसके वैज्ञानिक एवं आयुर्वेदिक लाभ तथा नियमित अभ्यास के महत्व की विस्तृत जानकारी दी।

प्रदेशव्यापी इस अभियान में जिला गुरुग्राम ने 5 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ हरियाणा में पाँचवाँ स्थान हासिल किया, जो जिले के लिए गौरव का विषय है।

समापन अवसर पर डॉ. मंजू कुमारी ने कहा कि सूर्य नमस्कार संपूर्ण शरीर के लिए अत्यंत प्रभावी व्यायाम है। यह मांसपेशियों को सुदृढ़ करने, रक्त संचार को संतुलित रखने, पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और मानसिक तनाव कम करने में सहायक है। नियमित अभ्यास से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहता है।

उन्होंने अभियान की सफलता में सहयोग देने वाले सभी विभागों, शिक्षण संस्थानों, मीडिया प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

जिला गुरुग्राम में आयोजित यह सूर्य नमस्कार अभियान स्वास्थ्य संवर्धन और योग के व्यापक प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण तथा ऐतिहासिक उपलब्धि साबित हुआ है, जिसने ‘स्वस्थ जिला—सशक्त समाज’ की भावना को नई ऊर्जा प्रदान की है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें