हरियाणा में 25 नवंबर से ‘वोट रक्षक’ अभियान, 26 को पंचकूला से निकलेगा ‘संविधान रक्षा मार्च’

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत अंबाला और अंबाला छावनी के ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों तथा पंचकूला में कांग्रेस की सभाएं, आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तय

संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह का आह्वान — हर पात्र मतदाता के अधिकार की रक्षा के लिए गांव-गांव और घर-घर पहुंचें कार्यकर्ता

चंडीगढ़, 23 नवंबर 2026। हरियाणा कांग्रेस 25 नवंबर से प्रदेश में ‘वोट रक्षक’ अभियान शुरू करेगी। इसके अगले दिन 26 नवंबर को पंचकूला से ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकाला जाएगा। दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर सोमवार को ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत अंबाला और अंबाला छावनी के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों तथा पंचकूला में कांग्रेस की सभाएं आयोजित की गईं। हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे हर मतदान केंद्र तक पहुंचें और मतदाता सूची में किसी भी गड़बड़ी के प्रति सजग रहें।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल के दिशा-निर्देश पर हरियाणा में यह जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश में अभियान को संजय दत्त के मार्गदर्शन और राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आगे बढ़ाया जा रहा है। सभाओं में ‘वोट रक्षक’ अभियान और ‘संविधान रक्षा मार्च’ को लेकर कार्यकर्ताओं ने उत्साह दिखाया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के वोट, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों पर किसी भी तरह का हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मतदाता सूची से किसी पात्र नागरिक का नाम न कटे — संजय दत्त

सभाओं को संबोधित करते हुए संजय दत्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि हर नागरिक निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने कहा कि देश में निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। सत्ता में बैठे लोगों को समझना होगा कि लोकतंत्र उनकी निजी जागीर नहीं है। जनता का वोट उसकी अपनी ताकत है और इसे छीनने या कमजोर करने की किसी भी कोशिश का कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी।

संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह हो। मतदाता सूची से किसी भी पात्र नागरिक का नाम न कटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम न जुड़े। उन्होंने कहा कि एक भी पात्र मतदाता को उसके अधिकार से वंचित करना लोकतंत्र की आत्मा पर चोट है। राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू हुए ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था की रक्षा के लिए जनशक्ति को एकजुट करना है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े गंभीर सवाल जिस मजबूती और साहस के साथ देश के सामने उठाए हैं, वे लोकतंत्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण हैं। कांग्रेस इन सवालों को उठाती रहेगी। यह संघर्ष जनता के अधिकारों और देश के लोकतांत्रिक भविष्य से जुड़ा है। पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता इस आवाज को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएगा।

हर गांव, गली और मतदान केंद्र तक पहुंचे अभियान — राव नरेंद्र सिंह

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि इन सभाओं में कार्यकर्ता देश के लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प लेकर एकत्रित हुए हैं। जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। मतदान के जरिए नागरिक अपनी सरकार चुनता है, सत्ता को जवाबदेह बनाता है और अपने भविष्य का फैसला करता है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा का सवाल हर नागरिक से जुड़ा है। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और सम्मान दिया है। उसकी मूल भावना से खिलवाड़ करने का अधिकार किसी को नहीं है। सत्ता के अहंकार में जनता के अधिकारों को कमजोर करने की कोशिश करने वालों को याद रखना चाहिए कि लोकतंत्र में सबसे बड़ी ताकत जनता है।

राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे सभाओं और मंचों से आगे बढ़कर गांव-गांव, गली-गली और हर मतदान केंद्र पर लोगों से संपर्क करें। हर पात्र मतदाता के वोट की रक्षा करें और मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता लोकतंत्र का प्रहरी बनकर इस अभियान में जुटे। हमारा लक्ष्य मताधिकार की रक्षा की इस लड़ाई को जन आंदोलन का रूप देना है।

अंबाला के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की सभा को संबोधित करते हुए विधायक चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि जनता का वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी पूंजी है। इस पर किसी भी तरह का प्रहार सीधे संविधान और नागरिकों के अधिकारों पर हमला है। सरकार जनता के वोट से बनती है और जनता के प्रति ही जवाबदेह होती है। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची से काटा जाता है तो उसके पक्ष में आवाज उठाना और उसके अधिकार की रक्षा करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

चौधरी निर्मल सिंह ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न हो। उन्होंने कहा कि 25 नवंबर से शुरू होने वाले ‘वोट रक्षक’ अभियान को हर गांव और मतदान केंद्र तक पहुंचाया जाएगा। 26 नवंबर को पंचकूला में ‘संविधान रक्षा मार्च’ में अंबाला से बड़ी संख्या में लोग शामिल होकर लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेंगे।

सभाओं में विधायकों, पूर्व विधायकों, जिलाध्यक्षों, खंड अध्यक्षों और संगठन के अन्य पदाधिकारियों ने दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। नेताओं और पदाधिकारियों ने अपने सुझाव दिए और व्यापक जनसंपर्क पर जोर दिया। उन्होंने आम नागरिकों, युवाओं, सामाजिक संगठनों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

अंबाला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक रवि जोशी, विधायक चौधरी निर्मल सिंह, जिलाध्यक्ष पवन अग्रवाल, जिलाध्यक्ष दुष्यंत चौहान, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, पंजाबी सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मेहता, हिम्मत सिंह, खंड अध्यक्ष विनोद, खंड अध्यक्ष राजेश मेहता, खंड अध्यक्ष अमन शेरा, ब्रह्मपाल राणा, अमीषा चावला, राजविंदर कौर, कुसुम शर्मा, नवीन अरोड़ा, हरमन हैरी, पुनीत, रोहित शर्मा, मिथुन वर्मा और दविंदर बजाज उपस्थित रहे।

अंबाला छावनी में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक रवि जोशी, जिलाध्यक्ष परविंदर परी, पूर्व विधायक जसबीर मलौर, अशोक मेहता, गौरी शर्मा, मनीष राणा, सतीश, नवीन अरोड़ा, हरमिंदर हैरी और सुधीर सहित अनेक पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

पंचकूला में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक रवि जोशी, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, विधायक चंद्र मोहन बिश्नोई, जिलाध्यक्ष संजय चौहान, पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी, पूर्व विधायक चौधरी लहरी सिंह, सेवादल की प्रदेश अध्यक्ष पूनम चौहान, मीडिया प्रभारी संजीव भारद्वाज, फोम लाल गुर्जर, दीपक लांबा, सुनीता शर्मा, सुधा भारद्वाज, रविंद्र रावल, विजय बंसल, अनिल मेहता, विजेंद्र शर्मा, सुनील, कमल, ओम शुक्ला और राजेश कक्कड़ उपस्थित रहे। इनके साथ कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों, जिला एवं खंड स्तर के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सभा में भाग लिया।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें