आउटडोर विज्ञापन साइटों का पूरा रिकॉर्ड तैयार करें अधिकारी, निगमायुक्त डॉ. पंकज ने दिए निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नगर निगम क्षेत्र के सभी विज्ञापन स्थलों का जोनवार होगा भौतिक सर्वेक्षण, यूनिपोल, होर्डिंग, वॉल रैप, एलईडी स्क्रीन सहित सभी विज्ञापन माध्यमों की होगी पहचान

संयुक्त आयुक्तों को व्यक्तिगत निगरानी में सर्वे पूरा कराने और 27 नवंबर तक रिपोर्ट व हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र जमा कराने के निर्देश

गुरुग्राम, 23 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने निगम क्षेत्र में संचालित सभी आउटडोर विज्ञापन स्थलों का व्यापक एवं अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत नगर निगम के सभी छह जोन में विज्ञापन स्थलों का विस्तृत भौतिक सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वेक्षण का उद्देश्य निगम क्षेत्र में मौजूद प्रत्येक विज्ञापन स्थल की पहचान, भौतिक सत्यापन और उसका पूरा विवरण रिकॉर्ड में दर्ज करना है।

निगमायुक्त द्वारा सोमवार को जोन-1 से जोन-6 तक के सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्र में सर्वेक्षण कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सर्वेक्षण में यूनिपोल, वॉल रैप, एलईडी एवं डिजिटल स्क्रीन, होर्डिंग, गैन्ट्री और आउटडोर मीडिया डिवाइस सहित सभी प्रकार के मौजूदा विज्ञापन स्थलों को शामिल किया जाएगा।

प्रत्येक विज्ञापन स्थल का पूरा विवरण करना होगा दर्ज

निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक विज्ञापन स्थल के संबंध में विज्ञापन संरचना का प्रकार, उसका पूरा स्थान एवं पता, नजदीकी पहचान चिह्न (लैंडमार्क) और संबंधित सड़क का नाम दर्ज किया जाए। इसके साथ ही प्रत्येक स्थल के स्पष्ट, हालिया और जियो-टैग्ड फोटो भी प्रस्तुत करने होंगे। इन तस्वीरों में विज्ञापन संरचना के साथ उसके आसपास का स्थान भी दिखाई देना चाहिए तथा अक्षांश और देशांतर का विवरण भी शामिल होना चाहिए।

संयुक्त आयुक्त स्वयं करेंगे सर्वेक्षण की निगरानी

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि सभी संयुक्त आयुक्त अपने-अपने जोन में सर्वेक्षण की व्यक्तिगत रूप से निगरानी एवं पर्यवेक्षण करेंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उनके क्षेत्राधिकार में आने वाले प्रत्येक विज्ञापन स्थल की पहचान हो, उसका मौके पर भौतिक सत्यापन किया जाए और उसका पूरा विवरण रिपोर्ट में दर्ज हो। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक संयुक्त आयुक्त को एक हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत करना होगा, जिसमें यह पुष्टि की जाएगी कि उनके व्यक्तिगत पर्यवेक्षण में पूरे जोन का व्यापक सर्वेक्षण किया गया है और क्षेत्र में मौजूद सभी विज्ञापन स्थलों को रिपोर्ट में शामिल किया गया है। कोई भी विज्ञापन स्थल सर्वेक्षण से छूटना नहीं चाहिए।

27 नवंबर तक रिपोर्ट जमा करना अनिवार्य

निगमायुक्त ने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने जोन की संपूर्ण सर्वेक्षण रिपोर्ट और आवश्यक हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र 27 नवंबर 2026 तक निगमायुक्त कार्यालय में जमा कराने होंगे। इस पहल से नगर निगम के पास अपने क्षेत्र के सभी आउटडोर विज्ञापन स्थलों का व्यवस्थित, सत्यापित और अद्यतन रिकॉर्ड उपलब्ध होगा। इससे विज्ञापन स्थलों की निगरानी और संबंधित प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने में मदद मिलेगी।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें