सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित बनाने के लिए नगर निगम की टीमों का अभियान जारी, पशुपालकों से मवेशियों को खुले में न छोड़ने की अपील

गुरुग्राम, 23 नवंबर। शहर को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और खुले में घूमने वाले मवेशियों से मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन सुरक्षित गुरुग्राम’ के तहत सोमवार को अभियान चलाया गया। इस दौरान नगर निगम की टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में खुले में घूम रहे 16 मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में पहुंचाया।

नगर निगम द्वारा यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है, ताकि सड़कों, बाजारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमने वाले मवेशियों के कारण आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके। खुले में घूमते मवेशियों से यातायात बाधित होने के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में नगर निगम का यह अभियान नागरिकों की सुरक्षा के साथ-साथ पशुओं के संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को सुरक्षित बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। खुले में घूमते मवेशियों की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को नियमित अभियान चलाने और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने मवेशियों को सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर खुला न छोड़ें तथा उन्हें अपने परिसर में सुरक्षित रखें। पशुओं की देखभाल और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पशुपालकों की जिम्मेदारी है।








