मुख्यमंत्री से पूछा, अक्टूबर 2024 के बाद मिले 2.91 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों में से कितने धरातल पर उतरे
रेवाड़ी, 23 नवंबर। स्वयंसेवी संस्था ग्रामीण भारत के अध्यक्ष वेदप्रकाश विद्रोही ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मांग की है कि वे प्रदेश में हुए औद्योगिक निवेश और उससे मिले रोजगार का स्थानवार ब्योरा सार्वजनिक करें। विद्रोही ने कहा कि सरकार अक्टूबर 2024 के बाद 2.91 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिलने का दावा कर रही है। मुख्यमंत्री बताएं कि इनमें से किन प्रस्तावों पर काम शुरू हुआ, कहां कितना निवेश हुआ और कितने लोगों को नौकरी मिली।
विद्रोही ने कहा कि अप्रैल 2027 में गुरुग्राम में प्रस्तावित वैश्विक निवेशक सम्मेलन के नाम पर अगले पांच वर्षों में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश और दस लाख नौकरियों का सपना दिखाया जा रहा है। उनके अनुसार, युवाओं के लिए आज का सवाल रोजगार का है। भाजपा सरकार को पिछले 12 वर्षों की निवेश घोषणाओं का हिसाब भी देना चाहिए।
विद्रोही ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में स्थापित कई उद्योग बंद हो रहे हैं, उत्पादन सीमित कर रहे हैं या प्रदेश से बाहर जा रहे हैं। इससे श्रमिक अपनी मौजूदा नौकरियां भी गंवा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की सभी औद्योगिक मॉडल टाउनशिप कांग्रेस शासनकाल की हैं और वर्ष 2014 के बाद भाजपा सरकार ने नई टाउनशिप के लिए एक इंच जमीन भी नहीं खरीदी।
प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर विद्रोही ने कहा कि सरकार हरियाणा के गठन से अब तक अर्थव्यवस्था का आकार 540 करोड़ रुपये से बढ़कर 13.67 लाख करोड़ रुपये होने का उल्लेख करती है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में राज्य सरकार का कर्ज 70 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर पांच लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उनके अनुसार, इस दौरान किसानों पर कर्ज का बोझ तीन गुना हुआ है और परिवारों की बचत घटी है। उन्होंने मुख्यमंत्री से औद्योगिक क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति सामने रखने और रोजगार बढ़ाने के ठोस कदम उठाने की मांग की।








