डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में देरी पर निगमायुक्त सख्त, दोनों एजेंसियों को 6 दिसंबर तक कम से कम 100-100 वाहन लगाने के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बंधवाड़ी में लेगेसी वेस्ट निस्तारण की गति बढ़ाने के आदेश, दोनों एजेंसियां प्रतिदिन कुल 12 हजार मीट्रिक टन कचरे का करेंगी प्रसंस्करण

घरों में आरएफआईडी टैग लगाने और वाहनों का फील्ड ट्रायल तुरंत शुरू करने के निर्देश

गुरुग्राम, 23 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त डॉ. पंकज ने शहर की सफाई व्यवस्था और ठोस कचरा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, बंधवाड़ी में पुराने कचरे (लेगेसी वेस्ट) के निस्तारण तथा नए कचरा प्रसंस्करण प्लांट की स्थापना को लेकर संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई व्यवस्था में लगी एजेंसियां निर्धारित समयसीमा और अनुबंध की शर्तों के अनुरूप कार्य करें। कार्य में देरी या निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति नहीं होने पर संबंधित एजेंसियों के विरुद्ध अनुबंध के प्रावधानों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निगमायुक्त सोमवार को सेक्टर-34 स्थित नगर निगम कार्यालय में आयोजित सैनिटेशन समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में नगर निगम के अधिकारियों के साथ डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और लेगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में शहर की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था, बंधवाड़ी में पुराने कचरे के निस्तारण और नए वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना की प्रगति की समीक्षा की गई।

डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में देरी पर जताई नाराजगी

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के प्रथम चरण के अनुबंध कार्यक्रम के अनुसार क्लस्टर-1 में 14 नवंबर और क्लस्टर-2 में 18 नवंबर तक 50 प्रतिशत वाहन तैनात किए जाने थे। लेकिन निर्धारित समयसीमा तक दोनों एजेंसियां अपने लक्ष्य से पीछे रहीं। क्लस्टर-1 की एजेंसी दिल्ली एमएसडब्ल्यू सॉल्यूशन लिमिटेड द्वारा निर्धारित 463 वाहनों में से केवल 68 वाहन उपलब्ध करवाए गए थे। एजेंसी ने 50 वाहन पंजीकरण के लिए गुरुग्राम क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में भेजने की जानकारी भी दी। वहीं, क्लस्टर-2 की एजेंसी बीवीजी इंडिया लिमिटेड द्वारा कोई वाहन उपलब्ध नहीं करवाया गया था।

इस पर निगमायुक्त ने नाराजगी जताते हुए दोनों एजेंसियों को वाहन तैनाती के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों एजेंसियां 6 दिसंबर 2026 से पहले कम से कम 100-100 वाहन तैनात करें तथा 15 दिसंबर 2026 से पहले अपने अनुबंध के तहत निर्धारित कुल वाहनों का कम से कम 50 प्रतिशत उपलब्ध करवाएं। निर्धारित लक्ष्यों और सेवा शुरू करने की समयसीमा का पालन नहीं करने पर आरएफपी में निर्धारित दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निगमायुक्त ने अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका को एमसीजी की ओर से नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी देते हुए एजेंसियों को आवश्यक फील्ड सहयोग उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही, आरटीओ गुरुग्राम के साथ समन्वय कर क्लस्टर-1 के 50 वाहनों का पंजीकरण जल्द करवाने को कहा।

वाहनों का फील्ड ट्रायल और घरों में आरएफआईडी टैग लगाने के निर्देश

निगमायुक्त ने दोनों एजेंसियों को तुरंत वाहनों का फील्ड ट्रायल शुरू करने के निर्देश दिए। इस दौरान वाहनों की गलियों में पहुंच, घरों से कूड़ा उठाने की वास्तविक क्षमता, प्रत्येक चरण में लगने वाला समय, कचरे की मात्रा और सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट तक कचरा पहुंचाने की व्यवस्था का आकलन किया जाएगा। एजेंसियों को प्रस्तावित रूट, ट्रांसफर स्टेशन और सेकेंडरी कलेक्शन प्वाइंट का निरीक्षण करने तथा प्रत्येक वाहन द्वारा किए जा सकने वाले चक्करों और वास्तविक यात्रा समय का आकलन करने को कहा गया। फील्ड ट्रायल के बाद एजेंसियों को सामने आई कमियों को दूर करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करनी होगी। इसके साथ ही, दोनों एजेंसियों को घरों पर आरएफआईडी टैग लगाने का कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने कहा कि वाहन तैनाती की प्रगति की समीक्षा हर सप्ताह की जाएगी, ताकि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था को व्यवस्थित और प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

पार्किंग और चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर जोर

बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों के संचालन के लिए पार्किंग और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। निगमायुक्त ने बेरिवाला बाग पार्किंग स्थल को क्लस्टर-2 की एजेंसी बीवीजी इंडिया लिमिटेड को इलेक्ट्रिक वाहनों के चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए सौंपने के निर्देश दिए। एजेंसी को सात दिनों के भीतर आवश्यक विद्युत इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने तथा दोनों एजेंसियों को अपने पार्किंग स्थलों के लिए बिजली कनेक्शन के आवेदन तत्काल जमा करवाने को कहा गया। इसके अतिरिक्त, संबंधित अधिकारियों को ट्रांसफर साइटों का निरीक्षण कर वहां व्यू कटर अथवा बाउंड्री वॉल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक एजेंसी के लिए कम से कम दो ट्रांसफर साइटों पर बुनियादी सुविधाएं विकसित करने के लिए टेंडर आमंत्रित करने तथा 15 दिनों के भीतर आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर सहित साइट हैंडओवर करने को कहा गया।

बंधवाड़ी में लेगेसी वेस्ट निस्तारण की गति बढ़ाने के निर्देश

बैठक में बंधवाड़ी स्थित लेगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग साइट की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, 30 जनवरी 2026 को दोनों एजेंसियों को कुल 16.80 लाख मीट्रिक टन कचरे के प्रसंस्करण का कार्य आवंटित किया गया था। इसमें से 23 नवंबर 2026 तक 8.73 लाख मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण किया जा चुका है, जबकि आवंटित कार्य के तहत 8.07 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण शेष है। साइट पर कुल कचरे का स्टॉक 13.86 लाख मीट्रिक टन बताया गया। अनुबंध की अंतिम तिथि 14 फरवरी 2027 तक शेष आवंटित कचरे का निस्तारण पूरा करने के लिए प्रतिदिन औसतन लगभग 9,723 मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण आवश्यक है। इसे ध्यान में रखते हुए निगमायुक्त ने दोनों एजेंसियों को अपनी प्रसंस्करण क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रतिदिन कम से कम 12,000 मीट्रिक टन कचरे का प्रसंस्करण करने का लक्ष्य दिया। दोनों एजेंसियों को 14 फरवरी 2027 तक आवंटित शेष कचरे का निस्तारण पूरा करना होगा।

निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि दिसंबर और जनवरी में संभावित बारिश एवं कोहरे के कारण कार्य प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एजेंसियां अपनी दैनिक प्रसंस्करण क्षमता और अधिक प्रभावी रखें। साइट पर मौजूद कुल शेष कचरे के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

समयसीमा और जवाबदेही के साथ कार्य पूरा करने पर जोर

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों और संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों की नियमित निगरानी की जाए तथा निर्धारित समयसीमा के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, पुराने कचरे का निस्तारण और नए वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का संचालन शहर की स्वच्छता व्यवस्था के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। इन सभी कार्यों में बेहतर समन्वय, तकनीकी निगरानी और एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें