कांग्रेस की पहचान सदैव सेवा, संघर्ष और जनकल्याण की रही है : चौधरी संतोख सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस स्थापना दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान रक्षा तक की ऐतिहासिक भूमिका को किया याद

गुरुग्राम | 28 दिसंबर 2025 – भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं जिला बार एसोसिएशन गुरुग्राम के पूर्व प्रधान चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि कांग्रेस की पहचान सदैव सेवा, संघर्ष और जनकल्याण से जुड़ी रही है। उन्होंने कहा कि 28 दिसंबर 1885 को स्थापित कांग्रेस पार्टी ने देश की आज़ादी से लेकर लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सामाजिक न्याय की मजबूत नींव रखने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लगभग 62 वर्षों तक करोड़ों कांग्रेसजनों ने अंग्रेज़ी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया, त्याग और बलिदान दिए तथा जेलों में अमानवीय यातनाएं सहन कीं। उन्हीं बलिदानों के परिणामस्वरूप भारत को आज़ादी मिली।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अन्याय, अत्याचार, दमन और हिंसा के विरुद्ध सत्य, अहिंसा, प्रेम और भाईचारे को अपना मूल मंत्र बनाया। कांग्रेस ने सदैव लोकतंत्र, समानता, न्याय और सामाजिक एकजुटता के लिए निरंतर संघर्ष किया है।

चौधरी संतोख सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का स्थापना दिवस यह स्मरण कराता है कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनसेवा, संविधान की रक्षा और आम नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा होना चाहिए।

उन्होंने देशवासियों से आह्वान किया कि वे कांग्रेस के मूल मूल्यों को अपनाते हुए एक मजबूत, समावेशी और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण का संकल्प लें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!