जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम द्वारा “प्रोटेक्ट टुडे सिक्योर टुमारो” अभियान का संचालन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पर्यावरण प्रदूषण और वायु गुणवत्ता को लेकर नागरिकों को किया जा रहा जागरूक

विद्यालयों, औद्योगिक क्षेत्रों व निर्माण स्थलों पर संचालित हो रहे जागरूकता कार्यक्रम

नागरिकों को पर्यावरण कानूनों व वैधानिक शिकायत निवारण की दी जा रही जानकारी

गुरुग्राम, 20 दिसंबर-राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुरुग्राम द्वारा “प्रोटेक्ट टुडे सिक्योर टुमारो” शीर्षक से पर्यावरणीय कानूनी साक्षरता एवं सामुदायिक संरक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण गुरुग्राम राकेश कादियान ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य बढ़ते पर्यावरण प्रदूषण, विशेष रूप से वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करना, पर्यावरण से संबंधित कानूनों की जानकारी प्रदान करना तथा लोगों को उनके वैधानिक अधिकारों एवं उपलब्ध शिकायत निवारण व्यवस्थाओं से अवगत कराना है। अभियान के अंतर्गत श्रमिकों, बच्चों, बुजुर्गों सहित संवेदनशील वर्गों तथा अधिक जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

अभियान के दौरान कानूनी जागरूकता सत्रों एवं सामुदायिक संपर्क कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत विद्यालयों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों, औद्योगिक क्षेत्रों एवं निर्माण स्थलों पर जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को वायु गुणवत्ता स्तर की जानकारी, प्रदूषण से बचाव के सरल एवं कम खर्चीले उपायों, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा पर्यावरण से जुड़े कानूनों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इसके अतिरिक्त जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आमजन को उपलब्ध वैधानिक शिकायत निवारण व्यवस्थाओं तक पहुँच बनाने हेतु आवश्यक कानूनी सहायता भी प्रदान की जा रही है।

जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गुरुग्राम वाणी गोपाल शर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान वर्तमान माह के दौरान संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को सशक्त बनाना तथा नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन के अधिकार के प्रति जागरूक करना है।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!