कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला का संसद में मोदी सरकार पर जोरदार हमला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

‘संचार साथी’ ऐप को बताया लोकतंत्र और निजता पर सबसे बड़ा खतरा

चंडीगढ़, 3 दिसंबर 2025। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने सोमवार को संसद के शून्यकाल में मोदी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए “संचार साथी” ऐप को देश के हर नागरिक की निजता पर सबसे गंभीर खतरा बताया। सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि सरकार बिना अनुमति लोगों के फोन में यह ऐप इंस्टॉल कर रही है, जिसके जरिए नागरिकों की पूरी जासूसी की जा रही है।

सुरजेवाला ने सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधे कटघरे में खड़ा करते हुए सवाल उठाया—
“मोदी जी! क्या आपने देश के हर नागरिक को अपना दुश्मन समझ लिया है? संचार साथी ऐप के जरिए आप 140 करोड़ भारतीयों पर निगरानी क्यों कर रहे हैं?”

उन्होंने कहा कि यह ऐप किसी भी स्मार्टफोन यूजर की रियल-टाइम लोकेशन ट्रैक कर सकता है—व्यक्ति कहां गया, किससे मिला, कितनी देर रहा, सब कुछ रिकॉर्ड होता है। सुरजेवाला के अनुसार, यह ऐप फोन की कॉल सुन सकता है, कॉल रिकॉर्ड तक एक्सेस कर सकता है, हर भेजा गया SMS पढ़ सकता है, और यहां तक कि व्हाट्सऐप मैसेज तक देख सकता है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि संचार साथी के जरिए सरकार नागरिकों के UPI लेनदेन, डेबिट-क्रेडिट कार्ड खर्च, और खरीदारी के पूरे विवरण पर भी नजर रख रही है। फोन में सेव पासवर्ड, निजी व पारिवारिक फोटो-वीडियो, और अन्य संवेदनशील डेटा तक पहुंच इस ऐप को “सबसे खतरनाक निगरानी उपकरण” बनाती है।

सुरजेवाला ने चेतावनी दी कि “अगर किसी विदेशी हैकर या खुफिया एजेंसी ने इस ऐप को हैक कर लिया, तो 140 करोड़ भारतीयों का पूरा निजी डाटा एक झटके में लीक हो सकता है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा है।”

कांग्रेस नेता ने पूछा कि बिना नागरिक की सहमति, बिना संसद की मंजूरी और बिना किसी विधिक प्रावधान के यह ऐप कैसे जबरन इंस्टॉल किया जा रहा है? यह, उनके अनुसार, नागरिकों की निजता का हनन, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला, और लोकतंत्र को कुचलने की एक खतरनाक साजिश है।

सुरजेवाला ने सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग करते हुए कहा कि “संचार साथी ऐप को तुरंत बंद किया जाए और इसे जबरन इंस्टॉल करने की प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए। संसद को और देश को सच बताया जाए कि यह निगरानी किसके आदेश पर और किस उद्देश्य से हो रही है।”

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें