17 को पंचकूला में युवा कांग्रेस का ‘हल्ला बोल’, सांसद दीपेंद्र हुड्डा और उदय भानु चिब करेंगे नेतृत्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

— प्रदेश के युवाओं की 3 प्रमुख मांगों को लेकर एचपीएससी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन

— प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया बोले: रोजगार छीनने वाली बीजेपी को देना होगा जवाब

पंचकूला, 15 फरवरी। हरियाणा युवा कांग्रेस ने 17 फरवरी को हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) कार्यालय के बाहर बड़े स्तर पर ‘हल्ला बोल’ प्रदर्शन का ऐलान किया है। इस प्रदर्शन का नेतृत्व रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब करेंगे।

कार्यक्रम में अंबाला से सांसद वरुण मुलाना समेत प्रदेश के कई विधायक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।

प्रदर्शन की जानकारी देते हुए हरियाणा युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने कहा कि बीजेपी सरकार की युवा विरोधी रोजगार नीतियों ने प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकारमय कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्रुप-ए और ग्रुप-बी नौकरियों में बाहरी उम्मीदवारों का चयन किया जा रहा है, जबकि 35 प्रतिशत न्यूनतम अंक (मिनिमम मार्क्स क्राइटेरिया) लागू कर बड़ी संख्या में पद खाली छोड़े जा रहे हैं।

कटारिया ने कहा कि एचपीएससी और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) की भर्तियां वर्षों तक अदालतों में उलझी रहती हैं, जिससे युवाओं को समय पर रोजगार नहीं मिल पाता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव से पहले बीजेपी ने सीईटी क्वालिफाइड युवाओं को हर महीने 9000 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन अब तक एक भी युवा को यह राशि नहीं मिली।

युवा कांग्रेस की प्रमुख मांगें
  • 35 प्रतिशत न्यूनतम अंक की शर्त समाप्त की जाए।
  • एचपीएससी परीक्षाओं में हरियाणा जीके की वेटेज कम से कम 20 प्रतिशत की जाए।
  • हर वर्ष नियमित भर्ती कैलेंडर जारी किया जाए।
  • सीईटी क्वालिफाइड युवाओं को 9000 रुपये प्रतिमाह दिए जाएं।
  • भर्ती विवादों के लिए विशेष लीगल सेल का गठन किया जाए।
  • खाली पदों को पुनः विज्ञापित कर शीघ्र भरा जाए।

कटारिया ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने युवाओं की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को पूरे हरियाणा में तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के युवाओं से 17 फरवरी को पंचकूला पहुंचकर रोजगार विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की अपील की।

इस प्रेस वार्ता में पूर्व मेयर रविंदर रावल, जिला अध्यक्ष संजय चौहान, प्रदेश उपाध्यक्ष मेहबूब, युवा जिला अध्यक्ष शुभम नाहर, उधम सिंह, नितेश रावल, विधानसभा अध्यक्ष जगदीप शर्मा, निखिल शर्मा, विनोद कुमार, डिप्टी होली, कंवर वीर, पर्मवीर जैन और शुभम वर्मा सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें