जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने में बोर्ड और निगम निभाएं सक्रिय भूमिका : मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*कहा- कम बजट में हो अधिक और गुणवत्तापूर्ण कार्य, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ*

*मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती ने कहा-निष्ठा, जिम्मेदारी और टीम भावना से करें कार्य*

चंडीगढ़, 12 नवंबर-हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन श्री मोहन लाल बड़ौली ने प्रदेश के विभिन्न बोर्डों, निगमों, स्वायत्त निकायों और समितियों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों का आह्वान किया कि वे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं का मूल उद्देश्य आमजन की सेवा और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसलिए हर संस्था यह सुनिश्चित करे कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।

श्री मोहन लाल बड़ौली आज पंचकूला के मोरनी में विभिन्न बोर्डों, निगमों, स्वायत्त निकायों और समितियों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में संस्थाओं की वित्तीय स्थिति, कार्यप्रणाली, उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

श्री बड़ौली ने कहा कि सार्वजनिक संस्थाओं को अपने उपलब्ध संसाधनों का विवेकपूर्ण और प्रभावी उपयोग करते हुए कम बजट में अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की कार्यशैली अपनानी चाहिए। वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि बोर्डों और निगमों को केवल अपने प्रशासनिक दायित्वों तक सीमित न रहकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इन संस्थाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि वे अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें। इसके लिए संस्थाओं के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों को अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए टीम भावना से काम करना होगा।

श्री बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित किए हैं। देश की जनता ने उन्हें लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर देकर अपना विश्वास व्यक्त किया है। इसी प्रकार हरियाणा की जनता ने भी प्रदेश सरकार को लगातार तीसरी बार जनसेवा का दायित्व सौंपा है। यह विश्वास सभी जनप्रतिनिधियों और सार्वजनिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के लिए बड़ी जिम्मेदारी भी है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं की सफलता का वास्तविक आकलन इस बात से होता है कि उनका लाभ कितने जरूरतमंद और पात्र लोगों तक पहुंचा है। इसलिए सभी संस्थाएं अपनी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा लोगों को उपलब्ध सुविधाओं, पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया के प्रति जागरूक बनाएं।

बैठक में श्री बड़ौली ने प्रदेश के विभिन्न बोर्डों, निगमों और समितियों की वित्तीय स्थिति की एक-एक करके जानकारी ली और उनके कामकाज की समीक्षा की। उन्होंने संस्थाओं के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं और कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। उन्होंने उनकी ओर से रखी गई मांगों और समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय, कार्यों में गति और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक तीन माह में नियमित बैठक आयोजित की जाएगी। इन बैठकों में संस्थाओं की प्रगति, वित्तीय स्थिति, उपलब्धियों और लंबित समस्याओं की समीक्षा की जाएगी, ताकि आवश्यक निर्णय लेकर उनका समयबद्ध समाधान किया जा सके।

मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती ने बैठक में उपस्थित सभी अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों और बेहतर तालमेल से ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।

उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने संस्थानों की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए जिलों का दौरा करने तथा स्थानीय स्तर पर बैठकें आयोजित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि पदाधिकारी स्वयं लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझें तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक करें।

इस अवसर पर हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के वाइस चेयरमैन श्री वेदपाल एडवोकेट, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया, शिवालिक बोर्ड के वाइस चेयरमैन श्री ओम प्रकाश देवीनगर, व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री सतीश गुप्ता, हरियाणा योग आयोग के वाइस चेयरमैन डॉ. रोशन लाल सहित प्रदेशभर से आए विभिन्न बोर्डों, निगमों एवं अन्य संस्थाओं के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें