सीटीएम ज्योति नागपाल की अध्यक्षता में समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा बैठक आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लंबित शिकायतों के निपटारे में तेजी लाएं विभाग, एटीआर अपलोड करने में न हो देरी : ज्योति नागपाल

गुरुग्राम, 12 नवंबर। सीटीएम ज्योति नागपाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और संबंधित विभाग कार्रवाई पूरी करने के बाद एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) समय पर पोर्टल पर अपलोड करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों का उद्देश्य केवल पोर्टल पर औपचारिक कार्रवाई दर्शाना नहीं, बल्कि आमजन की समस्या का वास्तविक समाधान करना है, ताकि नागरिकों को एक ही काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सीटीएम ने कहा कि लंबे समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। जिन शिकायतों में एक से अधिक विभागों की भूमिका है, उनमें आपसी समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया जाए। एटीआर में संबंधित विभाग की ओर से की गई कार्रवाई का पूरा एवं तथ्यात्मक विवरण दर्ज किया जाए तथा आवश्यक जांच रिपोर्ट और दस्तावेज भी अपलोड किए जाएं। दोबारा खुलने वाली शिकायतों की विशेष समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि पिछली कार्रवाई में रही कमियों को दूर कर शिकायतकर्ता को संतुष्टिपूर्ण समाधान मिले।

सीटीएम ज्योति नागपाल ने बताया कि गुरुग्राम जिला में समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों की शिकायतों का नियमित रूप से निपटारा किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभागवार लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी कर उसकी एटीआर पोर्टल पर अपलोड करें।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें