पदभार संभालते ही अधिकारियों के साथ की बैठक, समयसीमा में कार्य पूरे करने और नागरिकों की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
गुरुग्राम, 12 नवंबर। नगर निगम गुरुग्राम को नया नेतृत्व मिल गया है। वीरवार को वर्ष 2020 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी डॉ. पंकज ने नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त के रूप में पदभार संभाल लिया। इससे पूर्व वे नगर निगम पानीपत में आयुक्त के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। हरियाणा सरकार द्वारा उन्हें नगर निगम गुरुग्राम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पदभार ग्रहण करने पर नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया तथा निगम की कार्यप्रणाली, विभिन्न विभागों की गतिविधियों और शहर में चल रहे प्रमुख कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान डॉ. पंकज ने अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर चर्चा की और शहर के विकास, स्वच्छता, प्रदूषण नियंत्रण तथा नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं।
सफाई व्यवस्था और प्रदूषण नियंत्रण पर रहेगा विशेष फोकस
आयुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना और प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में सफाई व्यवस्था को मजबूत किया जाए तथा मुख्य सड़कों को नियमित रूप से स्वच्छ रखा जाए। सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में तेजी लाई जाए और सभी संबंधित अधिकारी इसकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कचरा जलाने की घटनाओं पर प्रभावी निगरानी रखने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करना होगा।
समयसीमा और गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता
डॉ. पंकज ने कहा कि नगर निगम द्वारा करवाए जाने वाले सभी विकास एवं अन्य कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे होने चाहिए। कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए और अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी कार्य में अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र के कार्यों की नियमित समीक्षा करें तथा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए जिम्मेदारी के साथ काम करें।
जनता और जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर संवाद पर जोर
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ अधिकारियों का व्यवहार अच्छा और सहयोगात्मक होना चाहिए। अधिकारी लोगों से नियमित रूप से मिलें, उनकी समस्याएं सुनें और उनके साथ बेहतर संवाद स्थापित करें।
उन्होंने विशेष रूप से नागरिक शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर जोर देते हुए कहा कि केवल शिकायतों का निस्तारण करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक और संतोषजनक समाधान हो।
शिकायतों के समाधान में तेजी लाने के निर्देश
डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए म्हारी सड़क, एसएमजीटी, सीएम विंडो, सीपीग्राम और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए। सभी शिकायतों की नियमित निगरानी की जाए और उनका समाधान निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय और जवाबदेही के साथ काम करें।
बेहतर प्रशासन और नागरिक सुविधाओं की दिशा में नई पहल की उम्मीद
आयुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि नगर निगम के प्रत्येक कार्य में समयबद्धता, गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रदूषण नियंत्रण, धूल मुक्त सड़कों, शिकायतों के प्रभावी समाधान और विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।








