19 व 20 नवंबर को होगा दो दिवसीय आयोजन, पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 नवंबर
15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा छह विधाओं की प्रतियोगिताओं में दिखाएंगे प्रतिभा
गुरुग्राम, 12 नवंबर। हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले जिला युवा महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, प्रतिभागियों की भागीदारी तथा कार्यक्रम से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
एडीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे करें। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि स्कूलों एवं कॉलेजों के विद्यार्थियों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिल सके।
एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि जिला युवा महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने के साथ उनमें राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक सहभागिता और नेतृत्व क्षमता की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है, जिसके माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। गुरुग्राम में 19 व 20 नवंबर को आयोजित होने वाले इस महोत्सव के जिला स्तर के विजेता राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
बैठक में गुरुग्राम आईटीआई के प्रधानाचार्य रविंद्र यादव ने जानकारी दी कि महोत्सव के दौरान छह विधाओं में प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इनमें लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन तथा लोक वाद्य यंत्र प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इनमें 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागियों के लिए माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है, जिसकी अंतिम तिथि 16 नवंबर निर्धारित की गई है। जिला स्तर पर प्रत्येक विधा के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में 4,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 2,100 रुपये प्रदान किए जाएंगे।








