आंशिक दिव्यांगता बीमा सुरक्षा पांच लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये; आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति और महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश का प्रावधान
चंडीगढ़, 12 नवंबर। हरियाणा सरकार ने ग्रामीण सफाई कर्मियों का वेतन बढ़ाकर 18,100 रुपये करने और कर्मचारियों की मृत्यु-सह-सेवानिवृत्ति ग्रेच्युटी की अधिकतम सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये किए जाने की जानकारी दी है। सरकारी प्रवक्ता के अनुसार, कर्मचारी कल्याण के तहत बीमा सुरक्षा, आश्रित परिवारों को आर्थिक सहायता और महिला कर्मचारियों की सुविधाओं में भी विस्तार किया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि ग्रामीण सफाई कर्मियों का वेतन पहले 15,000 रुपये से बढ़ाकर 16,000 रुपये किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 18,100 रुपये कर दिया गया। उन्होंने कहा कि ‘नॉन स्टॉप हरियाणा—समर्थ कर्मचारी, सशक्त प्रदेश’ के दृष्टिकोण के तहत सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बीमा सुरक्षा बढ़ी, आश्रित परिवारों के लिए सहायता
प्रवक्ता के अनुसार, कर्मचारियों की आंशिक दिव्यांगता बीमा राशि पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। स्थायी कर्मचारियों की व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा राशि भी 30 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। इसके अतिरिक्त, स्थायी कर्मचारियों की सावधि जीवन बीमा राशि दो लाख से बढ़ाकर चार लाख रुपये कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि नई अनुग्रह सहायता योजना के तहत सरकारी कर्मचारी का 52 वर्ष की आयु से पहले निधन होने पर उसके आश्रित को अनुकंपा के आधार पर नौकरी देने का प्रावधान किया गया है। वहीं, तदर्थ, अनुबंध और उपायुक्त दर पर कार्यरत कर्मचारियों की सेवाकाल के दौरान मृत्यु होने पर उनके परिवार को तीन लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की व्यवस्था है।
महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश और बाल देखभाल भत्ता
प्रवक्ता ने बताया कि बाहरी सेवा प्रदाता के माध्यम से कार्यरत महिला कर्मचारियों को नियमित महिला कर्मचारियों के समकक्ष मातृत्व अवकाश की सुविधा दी गई है। दिव्यांग महिला कर्मचारियों के लिए बच्चों की देखभाल हेतु प्रति बच्चा 1,500 रुपये मासिक विशेष भत्ते का प्रावधान भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि इन प्रावधानों का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना तथा महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल और पारिवारिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में सहयोग देना है।








