कुरुक्षेत्र में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किया सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का  उद्घाटन व अवलोकन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री ने 35 वैश्विक भाषाओं में लिखी गीता कक्ष को खूब सराहा

प्रदर्शनी में दिखी विकसित हरियाणा की  झलक

चंडीगढ़, 26 नवंबर –  मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में आधुनिक एवं हाईटेक तकनीकी का प्रयोग किया गया है। इस राज्यस्तरीय प्रदर्शनी में हरियाणा को 2047 तक विकसित राज्य बनाने की योजना को बखूबी दिखाया गया है। इस प्रदर्शनी में विभिन्न देशों की 35 वैश्विक भाषाओं में लिखी  गीता का कक्ष भी उल्लेखनीय और सराहनीय है। इस प्रदर्शनी में एक ही छत के नीचे हरियाणा की प्रगति, भावी योजनाओं, पवित्र ग्रंथ गीता के उपदेश, कुरुक्षेत्र के प्रमुख तीर्थों का इतिहास, विशाल कर्व एलईडी पर महाभारत के मुख्य अंश देखने लायक है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की राज्यस्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के उपरांत अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्धियों और भावी योजनाओं को लेकर लगाए गए 25 स्टॉलों का भी अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने एक-एक विभाग की योजनाओं के बारे में फीडबैक ली और प्रदर्शनी के तथ्यों, साज-सज्जा और आधुनिक तकनीकी के बारे में प्रशंसा भी की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों और गणमान्य लोगों के साथ समूह यादगारी चित्र करवाया और हरियाणा पैवेलियन का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रुचि लेकर राज्यस्तरीय प्रदर्शनी को देखा और प्रदर्शनी में प्रयोग की गई उच्च आधुनिक तकनीकी के बारे में जानकारी भी ली।  हाईटेक तकनीकी के माध्यम से पवित्र ग्रंथ गीता के 18 अध्यायों और महाभारत के दौरान भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को दिए गए उपदेशों के बारे में भी दिखाने का अनोखा प्रयास किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश के गौरवशाली इतिहास के साथ विकासात्मक स्वरूप का प्रत्यक्ष उदाहरण है, जहां गीता की जन्मस्थली पूरे विश्व में ज्ञान का प्रकाश दे रही है, वहीं हरियाणा सरकार की विकासात्मक उपलब्धि देश के अग्रणी राज्यों में हरियाणा को अतुलनीय पहचान दे रही है।

विभाग के अतिरिक्त निदेशक आर एस सांगवान व शहीदी स्मारक के निदेशक डा. कुलदीप सैनी ने मुख्यमंत्री को प्रदेश के गौरवमयी इतिहास के साथ ही 11 साल में बदलते हरियाणा के विकासात्मक पहलुओं व विकासोन्मुखी रूपरेखा से भी अवगत कराया। इस मौके पर बड़ी संख्या में  गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें