भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मज़दूर महासंघ ने नए श्रम कानूनों का किया स्वागत
गुरुग्राम। भारतीय मज़दूर संघ (बीएमएस) की औद्योगिक इकाई भारतीय प्राइवेट ट्रांसपोर्ट मज़दूर महासंघ ने स्पष्ट किया है कि देशभर के परिवहन चालकों ने आज के भारत बंद का समर्थन नहीं किया। महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए चार नए श्रम सुधार कानूनों का ड्राइवर वर्ग ने व्यापक समर्थन किया है और बंद के आह्वान को असफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
योगेश शर्मा के अनुसार नए श्रम कानून करीब 40 करोड़ श्रमिकों, विशेषकर असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के लिए सामाजिक सुरक्षा का नया आधार स्थापित करेंगे। उन्होंने इसे श्रमिक हितों में लिया गया क्रांतिकारी निर्णय बताया।
उन्होंने कहा कि गुरुग्राम सहित पूरे देश में ऑटो, स्कूल बस, टैक्सी, एम्बुलेंस, ट्रक और ई-रिक्शा चालक रोज़मर्रा की तरह अपने वाहनों का संचालन करते रहे। बीएमएस से सम्बद्ध सभी यूनियनें इन कानूनों के समर्थन में खड़ी रहीं और किसी ने भी भारत बंद का समर्थन नहीं किया।
गुरुग्राम के हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर हरियाणा ऑटो चालक संघ के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के प्रति आभार प्रकट करते हुए “भारत माता की जय” और “बीएमएस अमर रहे” के नारे लगाए।
योगेश शर्मा ने यह भी बताया कि नए श्रम कानूनों के दायरे में अब ऑडियो-विजुअल, डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार भी शामिल हैं, जिससे मीडिया क्षेत्र के कर्मचारियों को भी लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार ने ड्राइवरों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर उनके भविष्य को सुरक्षित करने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने देशभर के ड्राइवर भाइयों की ओर से भारत सरकार का धन्यवाद किया।









