नेत्रहीन व गरीब कन्याओं का विवाह कराना पुण्य और महान कार्य : पंडित मोहन लाल बड़ौली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली रोहतक में आयोजित नेत्रहीन कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए

पदम श्री सेठ किशन दास को श्रद्धांजलि स्वरूप रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा कार्यक्रमों का आयोजन किया गया

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने सामाजिक सेवा की मिसाल बने इस आयोजन के लिए पूर्व महापौर मनमोहन गोयल को हार्दिक बधाई दी

चंडीगढ़, 26 नवंबर। पदम श्री सेठ किशन दास की 15वीं पुण्य तिथि पर रोहतक स्थित पद्मश्री सेठ किशन दास दिव्य ज्योति अंध विद्यालय, गोकर्ण, हनुमान मंदिर, रोहतक में नेत्रहीन कन्याओं का बुधवार को सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। इस विवाह समारोह में 14 नेत्रहीन कन्याएं विवाह के पवित्र बंधन से जुड़ी। पदम श्री सेठ किशन दास को श्रद्धांजलि स्वरूप पूर्व मेयर मनमोहन गोयल द्वारा विभिन्न सामाजिक सेवा कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। सैनिकों के लिए लगाए गए रक्तदान शिविर में लोगों ने 185 यूनिट रक्त दान किया।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बडौली और संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस मौके पर श्री बड़ौली ने जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनें भी वितरित की। श्री बड़ौली ने मानवता एवं सामाजिक सेवा की मिसाल बने इस आयोजन के लिए पूर्व महापौर मनमोहन गोयल को हार्दिक बधाई दी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि नेत्रहीन व गरीब कन्याओं का विवाह कराना बड़ा ही पुण्य और महान कार्य है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल गरीब बेटियों को नया जीवन मिलता है, बल्कि उसके परिवार को सम्मान, सुरक्षा और खुशी भी मिलती है। उन्होंने कहा कि जब किसी की बेटी का घर बसता है, तब असल में समाज का भविष्य संवरता है।

मोहन लाल बड़ौली ने सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं का भी आह्वान करते हुए कहा कि वे गरीब कन्याओं का विवाह करने जैसे महान कार्यों में आगे आए और ऐसे पुण्य और सामाजिक कार्यों में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से समाज में समानता, करुणा और सहयोग की भावना प्रबल होती है।

पूर्व मेयर मनमोहन गोयल ने कहा पदमश्री सेठ श्री किशन दास का संपूर्ण जीवन आमजन के जीवन को बेहतर बनाने के लिए बीता। समाज सेवा ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इन सभी कार्यक्रमों का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और समाज में सेवा का संदेश देना रहा। सभी स्वयंसेवकों और सहयोगियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

श्री गोयल ने कहा कि आमजन की सहायता के लिए नेत्र जांच एवं मैमोग्राफी कैंप कुमाऊं धर्मशाला एकता कॉलोनी में आयोजित किया गया, जिसमें 235 लोगों की आंखों की जांच की गई और निशुल्क चश्मे दिए गए। मैमोग्राफी कैंप में 27 महिलाओं की कैंसर जांच की गई। वहीं डेयरी मोहल्ला धर्मशाला में पूर्व मेयर द्वारा जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। सेवा को समर्पित इस कार्यक्रम में सुखपुरा राजकीय मॉडल संस्कृत स्कूल, सुखपुरा में बच्चों को स्वेटर वितरित किए गए।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, अशोक भारद्वाज, बिजेंदर मलिक और प्रदेश सचिव रेणु डाबला, परम श्रद्धेय महामंडलेश्वर कपिल पुरी जी महाराज एवं परम श्रद्धेय महामंडलेश्वर डॉक्टर स्वामी परमानंद जी महाराज, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज सहित पार्टी के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें