नई दिल्ली, 26 नवंबर – राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र एवं आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने बुधवार को GRAP के स्टेज-III (Severe Category) को तत्काल प्रभाव से वापस लेने का आदेश जारी किया है। यह फैसला वायु गुणवत्ता में पिछले दिनों आई सुधार के बाद लिया गया है।
आयोग की उप-समिति की बैठक में बताया गया कि दिल्ली का AQI लगातार सुधार की ओर है और आज यह 327 दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में बेहतर है। IMD और IITM के पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी दिनों में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है, लेकिन ‘गंभीर’ स्तर तक पहुंचने की आशंका फिलहाल नहीं है।
स्टेज-III हटाया, लेकिन स्टेज-I और II रहेंगे लागू
CAQM ने स्पष्ट किया है कि GRAP के संशोधित ढांचे (दिनांक 21 नवंबर 2025) अनुसार स्टेज-I और स्टेज-II के सभी प्रतिबंध और कदम पहले की तरह लागू रहेंगे। संबंधित सभी एजेंसियों को इन उपायों की कड़ी निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि वायु गुणवत्ता खराब होकर फिर से ‘Severe’ स्थिति में न पहुंच जाए।
C&D साइटों पर पहले से जारी बंदी आदेश पर कोई राहत नहीं
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन निर्माण एवं ध्वस्तिकरण (C&D) परियोजनाओं या साइटों पर नियमों के उल्लंघन के चलते विशेष बंदी आदेश लागू हैं, वे बिना आयोग की विशेष अनुमति के किसी भी परिस्थिति में कार्य शुरू नहीं कर सकते।
नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील
सर्दियों के मौसम में प्रदूषण बढ़ने की आशंका को देखते हुए, CAQM ने नागरिकों से अपील की है कि वे GRAP स्टेज-I और II के तहत सुझाए गए नागरिक चार्टर का पालन करें।
उप-समिति ने कहा है कि वह आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता की स्थिति पर लगातार नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर आगे के निर्णय लिए जाएंगे।









