आरटीओ फीस में दस गुना वृद्धि—किसानों के साथ नाइंसाफी, कृषि अर्थव्यवस्था पर संकट – राव नरेंद्र सिंह

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

किसानों पर नया बोझ डालने वाली भाजपा सरकार—राव नरेंद्र सिंह ने फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की।

ट्रैक्टर शुल्क वृद्धि को किसान-विरोधी बताते हुए कांग्रेस का सरकार पर हमला—फैसला न बदला तो आंदोलन की चेतावनी।

चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने ट्रैक्टर के रजिस्ट्रेशन/नवीनीकरण शुल्क में दस गुना वृद्धि को भाजपा सरकार का किसान विरोधी और तुग़लक़ी फैसला करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय पहले से ही संकटों से जूझ रहे किसान वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है और इससे कृषि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर व्यापक नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार हर रोज़ ऐसे फरमान जारी कर रही है, जो जनता की परेशानी और किसानों की बदहाली को बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा:

“कृषि पहले ही बढ़ती लागत, मौसमीय जोखिम और बाज़ार की अनिश्चितताओं से जूझ रही है, ऐसे में ट्रैक्टर के नवीनीकरण शुल्क में दस गुना वृद्धि किसान हितों के बिल्कुल खिलाफ कदम है। सरकार को ज़रा भी इल्म नहीं कि किसान पर दबाव बढ़ाकर वे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से कृषि अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुँचा रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि—

  • देश की लगभग 45% आबादी प्रत्यक्ष/अप्रत्यक्ष रूप से खेती पर निर्भर है।
  • कृषि का 17–18% योगदान सकल घरेलू उत्पाद में है।
  • ऐसे में किसान पर बोझ बढ़ाने वाला कोई भी निर्णय राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था तक को प्रभावित करता है।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि ट्रैक्टर, कृषि उपकरण और ग्रामीण परिवहन किसानों की उत्पादन क्षमता से सीधे जुड़े होते हैं। शुल्क वृद्धि से न केवल किसान, बल्कि ट्रैक्टर निर्माता, मैकेनिक, डीलर और पुर्ज़ों के बाज़ार तक प्रभावित होंगे।
उन्होंने कहा कि इससे खाद्यान्न उत्पादन लागत बढ़ेगी, जिसके चलते अनाज, सब्ज़ियों और फलों के दाम बढ़ने की संभावना है—और इसका सीधा असर आम उपभोक्ता और महंगाई पर पड़ेगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा: “कांग्रेस मांग करती है कि सरकार इस तुग़लक़ी फरमान को तुरंत वापस ले, विस्तृत परामर्श करे और किसान हित में व्यावहारिक, सहानुभूतिपूर्ण नीति तैयार करे। अन्यथा कांग्रेस इस किसान-विरोधी निर्णय के खिलाफ आंदोलन करेगी।”

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

Leave a Comment

और पढ़ें

error: Content is protected !!