हरियाणा और राजस्थान के विकास के मुद्दों पर हुई चर्चा
चंडीगढ़, 29 मार्च। भाजपा हरियाणा प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा शीर्ष नेतृत्व और केंद्रीय मंत्रियों से महत्वपूर्ण शिष्टाचार मुलाकातें कीं। इस दौरान हरियाणा और राजस्थान के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जेपी नड्डा से संगठनात्मक मार्गदर्शन
डॉ. सतीश पूनियां ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भेंट कर संगठनात्मक मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस मुलाकात में राजस्थान और हरियाणा के विकास के मुद्दों और भाजपा संगठन की मजबूती पर सकारात्मक एवं विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।
शीर्ष नेताओं से सकारात्मक बातचीत
डॉ. पूनियां ने इस अवसर पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की। इन मुलाकातों के दौरान हरियाणा और राजस्थान के विकास परियोजनाओं पर चर्चा हुई।
डॉ. पूनियां ने केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, राज्यसभा सांसद व त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देव, केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी से भी शिष्टाचार मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
राजस्थान के नेतृत्व से भी हुई सार्थक वार्ता
डॉ. सतीश पूनियां ने दो दिन पहले भाजपा राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और भाजपा राजस्थान प्रभारी राधामोहन अग्रवाल से भी मुलाकात की। इस दौरान राजस्थान के विकास और संगठनात्मक विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
विकास कार्यों में गति लाने पर बल
डॉ. पूनियां ने विभिन्न केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर विकास कार्यों में तेजी लाने और आवश्यक संसाधनों के सुचारू आवंटन पर बल दिया। उन्होंने दोनों राज्यों के विकास में केंद्र सरकार की सक्रिय भूमिका की सराहना की और संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
भाजपा नेतृत्व से लगातार संवाद
डॉ. सतीश पूनियां की इन मुलाकातों को आगामी चुनावों और भाजपा संगठन की मजबूती के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भाजपा नेतृत्व से लगातार संवाद और मार्गदर्शन प्राप्त कर पूनियां हरियाणा और राजस्थान में संगठनात्मक मजबूती को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।