मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने डॉ. अंबेडकर, महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किए पुष्प अर्पित, संविधान को नमन

चंडीगढ़, 26 नवंबर – हरियाणा विधान सभा की ओर से वीरवार को संविधान दिवस के अवसर पर संविधान को समर्पित विशेष सत्र के बीच एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विधान सभा के सेरेमोनियल गेट के निकट आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा, विस उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मंत्रीगण, विधायकगण उपस्थित रहे। इस अवसर पर चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार ने संविधान पर विशेष व्याख्यान दिया। इस कार्यक्रम में संविधान के महत्व, उसकी मूल भावना और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इस अवसर पर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया, जिसे मुख्यमंत्री सहित उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने साथ-साथ दोहराया। हरियाणा के गठन के 60 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस सत्र में सदस्यों ने संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

इससे पूर्व सत्र शुरू होने से पहले सभी गणमान्य व्यक्तियों ने विधान परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई, जिसे शोक प्रस्तावों के बाद स्थगित कर दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री, विस अध्यक्ष व सदस्यों ने लाइब्रेरी के सामने स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पुष्प अर्पित कर भारतीय संविधान को नमन किया।
विधान सभा के इस विशेष सत्र का मुख्य विषय ‘हरियाणा की 60 वर्षों की गौरवमयी विकास यात्रा तथा विकसित हरियाणा के लक्ष्य की प्राप्ति में जनभागीदारी एवं नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका’ रहा।
विकसित हरियाणा के लिए करें सकारात्मक, रचनात्मक एवं सार्थक चर्चा : हरविन्द्र कल्याण

इस दौरान सदन को संबोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि संविधान हमारी सबसे बड़ी ताकत है, जिसने अनेक चुनौतियों के बावजूद भारत को एकजुट रखते हुए प्रगति के पथ पर अग्रसर किया है। संविधान दिवस हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति सजग रहने तथा संविधान निर्माताओं के योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 60 वर्षों की विकास यात्रा केवल भौतिक एवं आर्थिक उपलब्धियों की कहानी नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की परिपक्वता, जनभागीदारी और नागरिक चेतना की प्रगति का प्रतीक भी है। विधान सभा जनता की आकांक्षाओं, समस्याओं और अपेक्षाओं को अभिव्यक्त करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सदस्यों से आह्वान किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर संसदीय मर्यादाओं का पालन करते हुए प्रदेश की सामूहिक विकास यात्रा और विकसित हरियाणा के लक्ष्य पर सकारात्मक, रचनात्मक एवं सार्थक चर्चा करें, ताकि उनके विचार वर्तमान और भावी जनप्रतिनिधियों के लिए मार्गदर्शक बन सकें।
मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी जनप्रतिनिधियों का दायित्व : प्रो. डॉ. दिनेश कुमार
चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संविधान एक जीवंत दस्तावेज है, जो समय के साथ देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों को दिशा देता है। जनप्रतिनिधियों ने पिछले वर्षों में आम नागरिकों को मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अब आवश्यकता है कि नागरिकों को उनके मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करना, हिंसा को बढ़ावा न देना, देश की संप्रभुता, एकता और अखंडता की रक्षा करना तथा पर्यावरण, वन एवं वन्यजीवों का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक दायित्व है। उन्होंने मानवता, भाईचारे और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि भारत की विविधता उसकी ताकत है। धर्म, भाषा, क्षेत्र और अन्य भिन्नताओं के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। जनप्रतिनिधियों को इन संवैधानिक मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति आमजन को निरंतर जागरूक करना चाहिए।








