बच्चों को उनके अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा, संवैधानिक मूल्यों और मौलिक कर्तव्यों के प्रति किया जागरूक
गुरुग्राम, 26 नवंबर। बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए), गुरुग्राम की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिकोहपुर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर पॉक्सो अधिनियम एवं संविधान दिवस के अवसर पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं डीएलएसए के अध्यक्ष नरेन्द्र सुरा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
शिविर में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं डीएलएसए की सचिव निशा ने विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो), 2012 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि इस कानून का उद्देश्य बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षा प्रदान करना तथा ऐसे मामलों में बाल पीड़ितों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील एवं बाल-अनुकूल न्यायिक प्रक्रिया सुनिश्चित करना है। उन्होंने बच्चों को व्यक्तिगत सुरक्षा, अच्छे और बुरे स्पर्श की पहचान तथा किसी भी अनुचित व्यवहार के प्रति सतर्क रहने के बारे में समझाया। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी स्थिति में बच्चों को बिना डर या झिझक अपने माता-पिता, शिक्षकों अथवा किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी देनी चाहिए।
संविधान दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उन्होंने संविधान में निहित समानता, स्वतंत्रता और न्याय के सिद्धांतों को समझाते हुए विद्यार्थियों को संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने तथा जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने, उन्हें अपने प्रति होने वाले अनुचित व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रोत्साहित करने तथा एक सुरक्षित समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।








