बैंकों के प्रदर्शन की समीक्षा, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा
पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
गुरुग्राम, 26 नवंबर- एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में आज लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में जिला स्तरीय बैंकर्स समिति (डीसीसी) एवं जिला ऋण समीक्षा समिति (डीएलआरसी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सितंबर 2026 तिमाही के दौरान जिले में बैंकिंग गतिविधियों, ऋण वितरण, वित्तीय समावेशन और विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। एडीसी ने बैंकों को पात्र लाभार्थियों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, ऋण आवेदनों पर समयबद्ध कार्यवाही करने तथा वित्तीय समावेशन अभियानों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 की तिमाही के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के अंतर्गत बैंकों को ऋण हेतु प्रस्तुत आवेदनों की बैंकवार समीक्षा की गई। इस अवसर पर एडीसी ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सफलता में बैंकों की अहम भूमिका होती है, इसलिए योजनाओं के लिए पर्याप्त वित्त उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थी समय पर अपनी आर्थिक गतिविधियां प्रारंभ कर सकें।
एलडीएम विनोद बजाज ने बताया कि जिले में बैंकों की शाखाओं की संख्या बढ़कर 1,063 हो गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक है। सितंबर 2026 तक बैंकों में कुल जमा राशि 4,41,502 करोड़ रुपये पहुंच गई, जो सालाना आधार पर करीब 18 प्रतिशत की वृद्धि है। ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) 81.46 प्रतिशत रहा। प्राथमिकता क्षेत्र के अग्रिम सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 85,587 करोड़ रुपये हो गए, जबकि कृषि क्षेत्र के अग्रिम में 35 प्रतिशत और एमएसएमई क्षेत्र में 33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
उन्होंने बताया कि वार्षिक ऋण योजना 2026-27 के तहत प्राथमिकता क्षेत्र में 30,876 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 49,825 करोड़ रुपये का वितरण हुआ, यानी 161 प्रतिशत उपलब्धि रही। इसमें एमएसएमई क्षेत्र में 148 प्रतिशत और कृषि क्षेत्र में 97 प्रतिशत लक्ष्य हासिल हुआ। वित्तीय साक्षरता केंद्रों की भूमिका पर जानकारी देते हुए बताया गया कि 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही के दौरान फर्रुखनगर और गुरुग्राम स्थित केंद्रों ने कुल 91 जागरूकता शिविर आयोजित किए, जिनमें 6,721 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
एलडीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत गुरुग्राम में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए नागरिकों को सब्सिडी और बैंक ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत अब तक 2003 ऋण आवेदन दर्ज हुए हैं, जिनमें 864 पर ऋण राशि वितरित की जा चुकी है। इस योजना से लोगों को सोलर सिस्टम लगाने, बिजली खर्च कम करने और स्वच्छ ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है।
एलडीएम ने बताया कि गुरुग्राम जिले में वित्तीय समावेशन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए ग्राम पंचायत और शहरी स्थानीय निकाय स्तर पर सैचुरेशन अभियान चलाया जा रहा है। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवा विभाग (DFS) की ओर से शुरू यह अभियान 31 दिसंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और अटल पेंशन योजना में नामांकन, जनधन खाते खोलना, निष्क्रिय खातों को सक्रिय करना, री-केवाईसी, आधार सीडिंग, नॉमिनेशन अपडेट तथा वित्तीय योजनाओं और डिजिटल धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियां की जा रही हैं। जिले की 157 ग्राम पंचायतों और 4 शहरी स्थानीय निकायों में अभियान के तहत अब तक 68 ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। शहरी क्षेत्रों में अभियान की शुरुआत 27 नवंबर से गुरुग्राम में होगी। प्रशासन का लक्ष्य अभियान को 31 दिसंबर से पहले पूरा करना है।
बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक चंडीगढ़ के अग्रणी जिलाधिकारी यश भारद्वाज, कैनरा बैंक क्षेत्रीय कार्यालय के डीजीएम नरेश कुमार सहित सरकारी एवं गैर-सरकारी बैंकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।








