संविधान नागरिकों के अधिकारों और स्वतंत्रता का रक्षक, देश की आत्मा है : उप पुलिस अधीक्षक दीपक सिंधु

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

आरटीसी भोंडसी में संविधान दिवस पर पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ, कर्तव्यनिष्ठा और नागरिकों का विश्वास जीतने का दिया संदेश

गुरुग्राम, 26 नवंबर-रिकूट प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी) भोंडसी के परेड ग्राउंड में संविधान दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक दीपक सिंधु, ह०पु०से० ने मुख्य अतिथि के रूप में इंडोर स्टाफ, आउटडोर स्टाफ, लाइन स्टाफ एवं पाइप बैंड स्टाफ के पुलिसकर्मियों को संविधान दिवस की शपथ दिलाई।

पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए दीपक सिंधु ने कहा कि भारतीय संविधान स्वतंत्र भारत में नागरिकों के हितों, अधिकारों और स्वतंत्रता की रक्षा करने वाला आधार है। 26 नवंबर 1949 को संविधान बनकर तैयार हुआ था। संविधान प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा, समान अवसर और न्याय की समानता सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की आत्मा है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करते हुए नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करता है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग और जिम्मेदार रहने का संदेश देते हुए कहा कि पुलिस सेवा में अनेक चुनौतियां आती हैं, लेकिन संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए कार्य करना और नागरिकों का विश्वास जीतना बेहद महत्वपूर्ण है। हरियाणा पुलिस का प्रत्येक जवान नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और उसे जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्व निभाने चाहिए।

इस अवसर पर निरीक्षक सुरेंद्र, सुनील कुमार, उप निरीक्षक राजबीर, कृष्ण कुमार, प्रविंद्र कुमार, अब्दुल जब्बार, देवीलाल, अनिता, बलजीत, इंडोर एवं आउटडोर के प्रशिक्षकगण तथा ड्रिल बेसिक कोर्स के प्रशिक्षु पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Bharat Sarathi
Author: Bharat Sarathi

और पढ़ें