निरंतर अभियान से सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूमने वाले पशुओं की संख्या नियंत्रित करने में मिल रही सफलता
पशुपालकों में भी बढ़ी जागरूकता, अब अपने परिसर में ही रख रहे हैं पशु, अभियान में बाधा डालने वालों से सख्ती से निपट रही हैं टीमें

गुरुग्राम, 26 नवंबर। शहर को सुरक्षित, व्यवस्थित और कैटल फ्री बनाने के उद्देश्य से नगर निगम गुरुग्राम द्वारा चलाए जा रहे ‘मिशन कैटल फ्री सुरक्षित गुरुग्राम’ के तहत लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। निगम की टीमों ने पिछले 9 दिनों में शहर के विभिन्न स्थानों पर खुले में घूम रहे 217 पशुओं को पकड़कर सुरक्षित रूप से गौशालाओं एवं नंदीशालाओं में पहुंचाया है। अभियान के तहत वीरवार को भी अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 26 पशुओं को पकड़ा गया।
नगर निगम की निरंतर और प्रभावी कार्रवाई का सकारात्मक असर अब धरातल पर दिखाई देने लगा है। अभियान के दौरान सामने आया है कि काफी संख्या में पशुपालकों ने अपने पशुओं को खुले में छोड़ना बंद कर दिया है और अब उन्हें अपने परिसर में ही रख रहे हैं। इससे सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पशुओं के खुले में घूमने की समस्या को नियंत्रित करने में मदद मिल रही है।

नगर निगम द्वारा पशुपालकों को लगातार जागरूक और सचेत किया जा रहा है कि वे अपने पशुओं को किसी भी स्थिति में सड़कों, बाजारों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर खुला न छोड़ें। पशुओं को अपने परिसर में सुरक्षित रखना उनकी जिम्मेदारी है। निगम की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निगरानी और कार्रवाई कर रही हैं, ताकि शहर में खुले में घूमने वाले पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान में बाधा डालने वालों पर भी सख्ती
पशु पकड़ने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा पशुओं को भगाने अथवा निगम टीमों के कार्य में बाधा डालने के प्रयासों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। ऐसे मामलों में सख्ती बरती जा रही है। अभियान को सुचारू और प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए टीमों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात किया गया है। पुलिस बल की मौजूदगी से कार्रवाई के दौरान व्यवस्था बनाए रखने में टीमों को सहयोग मिल रहा है।
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि ‘मिशन कैटल फ्री सुरक्षित गुरुग्राम’ का उद्देश्य शहर की सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों को खुले में घूमने वाले पशुओं से मुक्त बनाना तथा नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए नगर निगम की टीमें निरंतर अभियान चला रही हैं। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें और उन्हें अपने परिसर में ही रखें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभियान में बाधा डालने या कार्रवाई को प्रभावित करने वाले लोगों के प्रति नियमानुसार सख्ती बरती जाएगी।
नगर निगम गुरुग्राम ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें और शहर को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं। पशुओं को सड़कों पर खुला छोड़ने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने के लिए पशुपालकों की जिम्मेदारी और जनसहयोग दोनों आवश्यक हैं। नगर निगम का संकल्प है कि निरंतर निगरानी, प्रभावी कार्रवाई और जनभागीदारी के माध्यम से गुरुग्राम को कैटल फ्री एवं सुरक्षित शहर बनाया जाए।








