शिकायतों पर समयबद्ध कार्यवाही करें अधिकारी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
गुरुग्राम, 26 नवंबर- एसडीएम हितेंद्र कुमार ने आज लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की शिकायतें सुनीं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 10 शिकायतें प्राप्त हुईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं, जहां आमजन एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं रख सकते हैं और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाती है।
एसडीएम ने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्यवाही की जाए तथा जिन मामलों में समाधान के लिए समय लग रहा है, उनमें संबंधित विभाग शिकायतकर्ता को कार्यवाही की स्थिति से अवगत करवाएं। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और नागरिकों को राहत देने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।
शिविर में विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखी गईं। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों से शिकायतों की स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित मामलों में आवश्यक कार्यवाही जल्द पूरी करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा हर मामले में शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और शिकायतों पर की गई कार्यवाही की नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता नागरिकों को सुगम और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों में न जाना पड़े।
इस अवसर पर संयुक्त आयुक्त सपना यादव, डिप्टी डीईओ दीप्ति बोकन, गीता आर्या, जेई बबीता, इंस्पेक्टर अमित, बीएओ रामपाल, एएफएसओ सुनील कुमार, इनवेस्टिगेटर अशोक कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।








