चंडीगढ़, 26 नवंबर। सिरसा की सांसद, पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री, कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने संविधान दिवस पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए नागरिकों से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कुमारी सैलजा ने कहा कि भारतीय संविधान हर नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा के साथ जीने का अधिकार देता है। इन अधिकारों की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं का सम्मान और सरकार की जवाबदेही जरूरी है। संसद में निर्वाचित प्रतिनिधि जनता की समस्याएँ उठाते हैं और सरकार से उसके फैसलों पर जवाब मांगते हैं।
लोकसभा सत्र को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए सांसद ने कहा कि कभी सत्र बुलाने की बात कही जाती है, तो कभी कहा जाता है कि सत्र नहीं होगा। बदलते बयानों से लगता है कि सरकार खुद असमंजस में है और सदन में विपक्ष के सवालों का सामना करने से डर रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार लोकसभा सत्र को लेकर अपना रुख स्पष्ट करे और जनता से जुड़े मुद्दों पर सदन में चर्चा सुनिश्चित करे।
कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि संसदीय इतिहास में आज तक किसी सरकार ने संसद को इतना नज़रअंदाज़ नहीं किया, जितना भाजपा सरकार कर रही है। सांसद ने कहा कि उनके आकलन में भाजपा के शासन में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के सामने जितना गंभीर खतरा आज है, उतना पहले कभी नहीं रहा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए और सरकार को सदन में उठाए गए सवालों का जवाब देना चाहिए।
सांसद ने कहा कि कांग्रेस संविधान की सर्वोच्चता, नागरिकों के अधिकारों और संसद की गरिमा की रक्षा के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।
पानीपत में गर्भवती की मौत, सैलजा ने उठाए 112 और एंबुलेंस सेवाओं पर सवाल
सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने पानीपत में गर्भवती महिला सीमा की दर्दनाक मौत पर गहरा दुख जताया और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। सांसद ने कहा कि पूरे हरियाणा में डायल 112 और एंबुलेंस सेवाओं की व्यवस्था बिगड़ रही है। परिजनों के मुताबिक, डायल 112 पर फोन करने के बाद मदद नहीं पहुंची और एंबुलेंस घर तक नहीं आई। परिवार सीमा को ई-रिक्शा से हाईवे तक ले गया। वहां से अस्पताल जाते समय एंबुलेंस जाम में फंस गई। अस्पताल पहुंचने से पहले ही सीमा की मौत हो गई।








