मुख्यमंत्री आवास पर कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी व समाज के कई अग्रणी लोगों की अगुवाई में सीएम आवास पहुंचे हरियाणा भर से लोग

चंडीगढ़, 22 अक्तूबर – मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी द्वारा अनुसूचित वंचित जातियों के लिए आरक्षण में उप-वर्गीकरण को लागू किए जाने पर मंगलवार को कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी व समाज के अग्रणी लोगों की अगुवाई में प्रदेश से वंचित जातियों के गणमान्य प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री आवास चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में हरियाणा अनुसूचित वंचित जाति समाज की ओर से सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय(सेवा) मंत्री श्री कृष्ण बेदी व विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का पगड़ी पहनाकर सम्मान किया। मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने अनुसूचित वंचित जातियों सहित पूरे प्रदेश की जनता को नमन करते हुए कहा कि अनुसूचित वंचित जातियों की सभी तरह की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

समाज द्वारा दिए गए निमंत्रण को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण बेदी की अगुवाई में समाज द्वारा निर्धारित हरियाणा में किसी एक जगह आयोजित रैली में पहुंचने की भी स्वीकृति दी। मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने डीएससी में शामिल एक-एक जाति का नाम लेते हुए सभी जातियों को प्रणाम किया और कहा कि सीएम हाउस की मालिक हरियाणा की जनता है। मुझे आपने यहां बतौर चौकीदार की जिम्मेवारी दी है, उसे निभा रहा हूं।

भाजपा युवाओं के साथ राजनीति नहीं करती-मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित करते हुए कहा कि भाजपा युवाओं के साथ राजनीति नहीं करती। जब मैंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, गृहमंत्री श्री अमित शाह जी, भाजपा अध्यक्ष श्री जगत प्रकाश नड्डा जी, केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल जी के आशीर्वाद से कार्यभार संभाला था तो 15000 नौकरियों के लिए युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए थे। इस पर युवा विरोधी कांग्रेस चुनाव आयोग तक पहुंची और युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का विरोध किया। आयोग ने चुनाव परिणाम आने तक रोक लगा दी, लेकिन हमारी सरकार ने वायदे को पूरा करते हुए चुनाव परिणाम आते ही 25000 घरों में रोजगार दिया। सरकार का प्रयास है कि सामान्य घरों में भी एचसीएस एवं आईएएस स्तर के अधिकारी हों।

संवाद स्थापित कर साधा विपक्ष पर निशाना-मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव परिणाम से पहले ही कुछ नेताओं के यहां घोड़े आ गए थे। जलेबियां पहुंच गई थी लेकिन हरियाणा की दो करोड़ 80 लाख जनता ने हवा का रुख मोड दिया।

हरियाणा के सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण और अंत्योदय (सेवा) मंत्री श्री कृष्ण बेदी ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को दलित हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित वंचित जातियों की आरक्षण में वर्गीकरण की लड़ाई हरियाणा के गठन के समय से है। वर्ष 1994 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. श्री भजन लाल ने इन जातियों को हक दिया था, लेकिन वर्ष 2005 में कांग्रेस सरकार में तत्कालीन सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने समाज से यह अधिकार छीन लिया था। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अब इस जख्म पर न केवल मरहम लगाने का काम किया, बल्कि अच्छी दवा भी दी है। पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने 2020 में शिक्षा में यह अधिकार दे दिया था। अब नौकरियों मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी ने वर्गीकरण के लिए जो रिपोर्ट को मंजूरी दी है, उससे अनुसूचित वंचित समाज मुख्यमंत्री का आभारी है। कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण बेदी ने निकाय चुनावों में भी इसी प्रकार से आरक्षण की व्यवस्था करने, समाज से किसी प्रतिनिधि को राज्यसभा में भेजने, अस्थाई सफाई कर्मचारियों को स्थाई करने सहित कई मांगों को लेकर मांग पत्र भी मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी को सौंपा।

इस अवसर पर स्वामी स्वदेश कपूर, बवानीखेड़ा से विधायक श्री कपूर सिंह वाल्मीकि, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व मंत्री श्री बिशंबर वाल्मीकि, पूर्व विधायक श्री अनूप धानक, स्वामी संगमनाथ, पूर्व विधायक ईश्वर प्लाका, आयोग चेयरमैन रामअवतार वाल्मीकि, पूर्व विधायक श्री कुलवंत बाजीगर, पूर्व एचसीएस अधिकारी श्री अमरजीत सिंह सहित अनुसूचित वंचित जातियों के हरियाणा भर से आए गणमान्य प्रतिनिधि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!