ट्रंक, मार्केट, सब्जी मंडी में दुकानों पर जाकर व्यापारियों से मिले मोहित ग्रोवर

गुरुग्राम। कांग्रेस प्रत्याशी मोहित मदन लाल ग्रोवर को शहर के व्यापारियों ने विजय का आशीर्वाद दिया। व्यापारियों से आशीर्वाद लेकर मोहित ग्रोवर ने शहर के हालात बदलने का वादा दोहराया। मोहित ग्रोवर ने अपने डोर टू डोर प्रचार अभियान की शुरुआत ट्रंक मार्केट से की। जैसे ही मोहित अपने दलबल के साथ मार्केट पहुंचे, व्यापारियों ने उनका दिल खोल कर स्वागत किया। दौरे के दौरान ही व्यापारियों ने उन्हें मिठाइयां खिलाकर जीत की अग्रिम बधाइयां दी। इस दौरान व्यापारियों ने पिछले 10 साल से हो रही परेशानियां भी मोहित के सामने रखी। व्यापारियों ने मोहित को सबसे बड़ी समस्या यहां जल भराव की बताई।

व्यापारियों ने साफ कहा कि 10 साल में भाजपा यहां जल निकासी के उचित प्रबंध तक नहीं कर पाई। मोहित ग्रोवर ने व्यापारियों से कहा कि यह चुनाव केवल विधायक बनाने का नहीं है बल्कि गुरुग्राम की समस्याओं से निजात का है। गुरुग्राम की जनता का यह चुनाव है। 10 साल जो परेशानियां झेली है उन समस्याओं से छुटकारे का चुनाव है। उन्होंने कहा कि उनकी लड़ाई किसी पार्टी या व्यक्ति से नहीं, बल्कि गुरुग्राम की समस्याओं से है। वह गुरुग्राम की जनता के हकों की लड़ाई लडऩे के लिए चुनाव मैदान में आए हैं। सबसे ज्यादा राजस्व देने के बाद भी गुरुग्राम की जनता सबसे ज्यादा परेशानियां झेलने को मजबूर है। अब इनसे निजात का समय आ गया है। जनता वोट की चोट से अपनी इस लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाएगी। निश्चित ही हम मिलकर यह लड़ाई जीतेंगे और गुरुग्राम को समस्याओं से मुक्त करेंगे। मैं विकसित गुरुग्राम का संकल्प लेकर इस लड़ाई को लडऩे आया हूं। उनके साथ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर भी रहे।

पंकज डावर ने कहा कि अगर भाजपा ने 10 साल में कुछ किया होता तो उसके बड़े-बड़े नेताओं को जनता के सामने नतमस्तक होकर वोट मांगने की जरूरत नहीं पड़ती। प्रधानमंत्री से लेकर गृहमंत्री तक कुछ जनता के सामने वोट के लिए गिड़गिड़ाना पड़ रहा है। लेकिन जनता अब भाजपा के इन जुमलेबाजों के जुमले समझ चुकी है। गुरुग्राम के साथ पूरे हरियाणा प्रदेश की जनता इन्हें सत्ता से बेदखल कर अपने साथ हुई जादतियों का बदला लेगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि 5 अक्टूबर को मोहित ग्रोवर को वोट देकर चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का मार्ग प्रशस्त करें। कांग्रेस ही गुरुग्राम का भला कर सकती है। कांग्रेस ने ही गुरुग्राम को विश्व स्तरीय शहर बनाया था और अब फिर से कांग्रेस गुरुग्राम का नव निर्माण करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!