हम किसी को हराने के लिए नहीं बादशाहपुर के रुके हुए विकास को गति देने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं : वर्धन यादव

गुरुग्राम। हरियाणा की सबसे बड़ी बादशाहपुर विधानसभा से कांग्रेस के प्रत्याशी वर्धन यादव विधानसभा चुनाव में इतिहास बनाने के लिए मतदाताओं के बीच जाकर अपील कर रहे हैं। उन्होंने फिर दोहराया कि हम किसी को हराने के लिए नहीं बादशाहपुर के रुके हुए विकास को गति देने के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। चुनाव जीतकर पहला काम यहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा। यह बात उन्होंने रविवार को विभिन्न क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के दौरान लोगों के बीच कही।

वर्धन यादव ने गुरुग्राम शहर के सेक्टर-15 स्थित जैन मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। इसके अलावा उन्होंने बादशाहपुर में टीकली रोड, नाहरपुर रुपा, सेक्टर-31, सिकंदरपुर घोसी, डुंडाहेड़ा, ओम विहार, सेक्टर-23, मोहयाल कालोनी, सेक्टर-40, कम्युनिटी सेंटर घसोला, सेक्टर-66 पाम ड्राइव सोसायटी, सेक्टर-50 मेफिल्ड गार्डन, सेक्टर-70ए पिरामिड अर्बन होम्स व पारस इरेने सोसायटी में जनसम्पर्क करके लोगों से वोट की अपील की। सेक्टर-15 स्थित जैन मंदिर में भगवान महावीर का जयकारा लगाते हुए उन्होंने जैन समाज का आह्वान किया कि हमें क्षेत्र के समग्र विकास के लिए इस बार राजनीतिक बदलाव करना है। उन्होंने याद दिलाया कि किस तरह से बरसात में यहां जलभराव होता है। सफाई का कितना बुरा हाल है।

चाहे सेक्टर हो या कालोनी, हर जगह गंदगी का साम्राज्य रहता है। जिसे हम मिलेनियम सिटी के नाम से जानते हैं, वह हमेशा मलीन रहती है। उन्होंने कहा कि ना शासन, ना प्रशासन गुरुग्राम के हालत सुधार पाया है। कहने को यहां जिला प्रशासन, नगर निगम, जीएमडीए है, लेकिन गुरुग्राम को बेहतर बनाने में भाजपा सरकार के समय सब फेल नजर आए हैं। उन्होंने कहा कि आप सबके आशीर्वाद से इस बार वे विधायक बनकर सब समस्याओं का तय समय में समाधान कराएंगे। बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र को उनके हक दिलाए जाएंगे।

अपने चुनाव प्रचार केदौरान लोगों से रूबरू होते हुए कांग्रेस प्रत्याशी वर्धन यादव ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के प्रत्याशी अब यहां विकास कराने की बातें कह रहे हैं। अब से पहले 10 साल में यहां का विकास क्यों नहीं किया गया। पांच साल पहले भाजपा से ही विधायक बने थे और पिछली बार यहां से निर्दलीय प्रत्याशी ने चुनाव जीतकर भाजपा को समर्थन दिया। इसके बाद भी यहां विकास की गाथा अधूरी ही रही। वर्धन यादव ने कहा कि जनता सब जान चुकी है कि भाजपा के विकास के दावे में दम ना तो था और ना है। इसलिए बादशाहपुर की जनता इस बार बदलाव करके कांग्रेस को चुनेगी। अपने विकास का नया रास्ता बनाएगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा से भाजपा का सफाया होना तय हो चुका है।  

Post Comment

You May Have Missed

error: Content is protected !!