पिछले 10 साल में केंद्र सरकार ने हरियाणा प्रदेश में 2,70,000 करोड रुपए के करवाए विकास कार्य- केंद्रीय गृहमंत्री

केंद्रीय गृहमंत्री पंचकूला में आयोजित विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी बैठक को कर रहे थे संबोधित

पंचकुला, 29 जून। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने माता मनसा देवी की भूमि से घोषणा करते हुए कहा कि हरियाणा का विधानसभा चुनाव भाजपा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लड़ेगी और अगले मुख्यमंत्री भी नायब सिंह सैनी होंगे। उन्होंने कहा कि चुनाव में अन्य किसी भी पार्टी के साथ समझौता नहीं होगा और हम अकेले ही पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को हर घर में जाकर प्रत्येक वोटर से वोट की अपील करनी होगी। केंद्रीय गृहमंत्री शनिवार को पंचकूला में आयोजित विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी की दूसरे सत्र की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

अमित शाह ने कहा कि प्रति व्यक्ति प्रति एकड़ अनाज पैदा करने में ‘‘म्हारे हरियाणा’’ ने रिकॉर्ड बनाया है। देश को रक्षक देने में अनुपातिक तौर पर सबतै आगे ‘‘म्हारे हरियाणा’’ है। स्वर्ण पदक दिलाने में हरियाणा के धाकड़ खिलाड़ी आगे हैं। बासमती चावल का उत्पादन सबसे ज्यादा ‘‘म्हारा हरियाणा’’ कर रहा है। लाल डोरे को मालिकाना हक सबसे पहले हरियाणा में दिया गया। आयुष विश्वविद्यालय बनाने के अलावा अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देना हरियाणा के रिकॉर्ड को दर्शाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा पिछले 10 सालों में किए गए कार्यों से लोगो को अवगत करवाएं।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि पिछले 10 साल में भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार ने हरियाणा प्रदेश में 2,70,000 करोड़ रुपए के विकास कार्य करवाए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश में कई असंभव बातों को संभव करके दिखाया है, इनमें अयोध्या का राम मंदिर निर्माण, जम्मू कश्मीर की धारा 370 व 35ए को समाप्त करना, सर्जिकल स्ट्राइक करके पाकिस्तान को संदेश देना, देश में नई शिक्षा नीति को लागू करना शामिल रहा है।

अमित शाह ने कहा कि हरियाणा प्रदेश को पूरे देश में कई महत्वपूर्ण चीजों के लिए जाना जाता है। देश को कई मामलों में हरियाणा ने आत्मनिर्भर बनाया है। अनाज के गोदाम किसानों के द्वारा पैदा किए हुए अन्न से भरे हुए हैं। देश की सेना में हरियाणा के ज्यादा संख्या में जवान हैं। खेल के मैदान में स्वर्ण दिलवाने वाले भी हरियाणा के धाकड़ खिलाड़ी आगे मिलते हैं। हरियाणा की धरती पर ही कुरुक्षेत्र में गीता का उपदेश दिया गया। महाराजा अग्रसेन, दानवीर कर्ण, गुरु द्रोणाचार्य भी हरियाणा की धरती पर पैदा हुए हैं।

कार्यकर्ताओं में जोश और नई ऊर्जा भरते हुए श्री शाह ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसी पार्टी है जो बूथ स्तर से मतदाता की कद्र करती है। किसी भी जीत का श्रेय पार्टी अपने बूथ कार्यकर्ता को देती है। इसी कारण कार्यकर्ताओं के समूह को भाजपा में देव दुर्लभ फौज कहा जाता है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह खुद को भाजपा पार्टी का समर्पित सिपाही समझकर एक-एक वोट के लिए काम करें। श्री शाह ने कहा कि हमारे जैसे कार्यकर्ता किसी अन्य पार्टी के पास नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता बड़े गर्व के साथ जनता के बीच जाएं, क्योंकि मोदी और मनोहर-नायब सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे कार्यकर्ताओं को सिर झुकाना पड़े। हमने हर मोर्चे पर देश की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम किया है। उन्होंने कहा कि हारा हुआ विपक्ष अपने आपको जीता हुआ समझ रहा है यह विपक्ष झूठ फैला रहा है। श्री शाह ने कहा कि हम गरीब कल्याण के आधार पर सरकार बनाएंगे। हरियाणा ने समग्र रूप से विकास किया है। भाजपा सरकार ने युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के नौकरियां दी है और भ्रष्टाचार मुक्त हरियाणा दिया है।

श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस जनता में भ्रम फैलाकर लोकसभा चुनाव में मिली हार को छिपाने में लगी है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी देश में 6 दशक के बाद तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले पहले नेता हैं। भाजपा की जीत का आधार पार्टी का सिद्धांत कार्यकर्ताओं का परिश्रम  और भाजपा की सरकारों द्वारा किए गए लोक कल्याण के काम हैं।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस के नेता कट, कमीशन और करप्शन में लिप्त रहे हैं। पहले हरियाणा में एक सरकार एक जिले के लिए, दूसरी सरकार दूसरे जिले के लिए काम करती थी, लेकिन भाजपा ने 10 वर्षों में पूरे हरियाणा में एक समान काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि केंद्र में कमल की सरकार बना दी है और अब हरियाणा में भी तीसरी बार कमल की सरकार बनानी है।

कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि सोनिया की आंखों का तारा (राहुल गांधी) और हुड्डा साहब का सितारा (दीपेंद्र हुड्डा) अब हरियाणा में तारा-सितारा नहीं चलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हरियाणा में दो तिहाई बहुमत से जीतना है।

कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मौका परस्त है : धमेंद्र प्रधान

विस्तृत कार्यकारिणी की बैठक के पहले सत्र में बोलते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री एवं विधानसभा चुनाव प्रभारी धमेंद्र प्रधान ने देश की अर्थव्यवस्था में हरियाणा के योगदान की जमकर तारीफ की। उन्होंने यह भी कहा कि देश की उन्नति में हरियाणा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रदेश में पिछले 10 वर्षों के दौरान अब तक जो भी चुनाव हुए हैं उनमें प्रदेश  के कार्यकर्ताओं ने अपनी जिम्मेदारियां को बखूबी निभाया है। यहां श्री प्रधान ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को भी घेरा।

श्री प्रधान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हरियाणा के अंदर जो फिफ्टी-फिफ्टी हुआ है, आगे उसको आगे बढ़ाकर 60-40 बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चाहे नीट की परीक्षा हो या अन्य किसी भी प्रकार का मुद्दा हो, उस पर सरकार अपना पक्ष रखने को तैयार है। विपक्ष इन बातों को अपना मुद्दा बनाकर देश में अराजकता फैलाना चाहती है।  हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक दूसरे के साथ समझौता कर लेती है और चुनाव के बाद उस समझौते को खत्म कर देती है ये दोनों पार्टी मौकापरस्त है।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि कोरोना की महामारी और दूसरे देशों के बीच हो रहे युद्ध के कारण दुनिया की अर्थव्यवस्था चरमरा गई, बड़े-बड़े देशों की कमर टूट गई थी। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस द्वारा आरक्षण खत्म करने के फैलाए गए भ्रम को तोड़ते हुए श्री प्रधान ने कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के प्रधान के रूप में हैं तब तक आरक्षण बरकरार रहेगा। उन्होंने  कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पास वर्ष 2004 से 2014 तक 10 साल में किए गए जमीन घोटाले, दलितों पर अत्याचार, भाई-भतीजावाद के अलावा कोई मुद्दा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रदेश के लोगों के बीच में जाकर भाजपा की नीतियों का प्रचार कर कांग्रेस के झूठ को बेनकाब करना होगा।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि हमें पार्टी के लिए नए लोगों को जोड़ने का काम करना है। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से 26 जुलाई तक नए वोट बनाए जाने का कार्य किया जा रहा है। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने समर्थकों की वोट को जोड़ने का काम व जिम्मेदारी को प्रमुखता से निभाना है।

10 सालों में किए गए विकास कार्यों के आधार पर तीसरी बार बनाएंगे सरकार : नायब सिंह

विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में मुख्यमंत्री ने गिनवाई सरकार की योजनाएं और उपलब्धियां

विस्तृत कार्यकारिणी बैठक में बोलते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा 10 सालों में किए गए विकास और जनहित कार्यों के आधार पर तीसरी बार जनता भाजपा सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार की सोच अंत्योदय की है। अंत्योदय की भावना पर चलते हुए हमने पिछले 10 सालों में 50,000 परिवारों को अंत्योदय श्रेणी में चिन्हित किया है। ये वो लोग थे जिनके पास काम करने के लिए कोई पैसा नहीं था। हमारी सरकार ने 50,000 लोगों को परिवार उत्थान योजना के तहत लोन देकर आगे बढ़ने का काम किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह ने तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने पर सभी कार्यकर्ता और प्रदेश की जनता का आभार जताया।

नायब सैनी ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान बहुत-सी समस्या हमारे सामने आई, जो अब हमारे लिए अनुभव देने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हम पहले से ज्यादा शक्ति लगाकर 10 सालों में किए गए विकास कार्यों के आधार पर कार्यकर्ताओं के माध्यम से तीसरी बार प्रदेश में कमल का फूल खिलाने का काम करेंगे।

सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गिनवाते हुए श्री सैनी ने कहा कि वर्ष 2014 में बुजुर्गों को 1000 रूपये बुढ़ापा पेंशन के रूप में मिलते थे और अब 2024 में बुजुर्गों को 3000 रूपये बुढ़ापा पेंशन मिल रही है। पिछले साढ़े 9 साल में हमारी सरकार ने बुढ़ापा पेंशन में 2000 रूपये का इजाफा किया। उन्होंने कहा कि अब बुजुर्गों को पेंशन बनवाने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। हमारी सरकार ने ऐसी योजना लागू की जिससे 60 वर्ष पूरे होते ही बुजुर्गों की बुढ़ापा पेंशन अपने आनी शुरू हो जाती है। प्रदेश के 2,32,000 लोगों की इस योजना के तहत पेंशन बनकर उनके घर पर पहुंची है। प्रदेश में 19 लाख 65,000 बुजुर्गों को बुजुर्ग सम्मान भत्ता मिल रहा है।

नायब सैनी ने कहा कि सरकार ने दयालू योजना के तहत 8037 परिवारों को वित्तीय सहायता देकर सहयोग किया है। हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन योजना के तहत 23 लाख परिवारों के 84 लाख लोगों को बस में 1000 किलोमीटर फ्री में यात्रा करने का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आयुष्मान कार्ड के साथ चिरायु योजना को लागू किया, जिससे प्रदेश के एक करोड़ 19 लाख लोगों को 5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज का लाभ मिल रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंत्योदय परिवार की छत के ऊपर फ्री में सोलर सिस्टम लगाया जा रहा है। इस योजना के तहत जिस परिवार की आय एक लाख से कम है, उसको 60 हजार रुपए केंद्र सरकार और 50 हजार रूपए प्रदेश सरकार द्वारा सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 47 लाख परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड बनाए गए हैं, जो वर्ष 2014 में 25 लाख 12 हजार कार्ड थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज बीपीएल राशन कार्ड काटे जाने की अफवाह फैला रही हैं जबकि प्रदेश में 10 साल में 21 लाख परिवारों के बीपीएल राशन कार्ड और बनाए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में जब काफी रोजगार बंद हो गए तब सरकार ने रेहडी- फड़ी का काम करने वाले जरूरतमंद परिवारों को बिना ब्याज 10- 10 हजार रुपए की मदद करने का काम किया है। अब तक 1 लाख 41 हजार लोगों को यह सहायता सरकार द्वारा दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भाजपा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में साढ़े 4 करोड़ लोगों को लाभ दिया है। हरियाणा प्रदेश के 63 हजार लोगों को इस योजना के तहत मकान बनाकर चाबी सौंप दी गई है। अभी 16 हजार मकानों का  निर्माण चल रहा है, उनका जल्द ही निर्माण कार्य पूरा करके चाबी सौंप दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को आह्वान किया कि वह सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि प्रदेश में तीसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा सरकार का गठन किया जा सके।

लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने लालच देकर मतदाताओं को बरगलाया : मनोहर लाल

केंद्रीय आवास एवं शहरी निकाय मंत्री मनोहर लाल ने कहा लोक सभा चुनाव के दौरान प्रदेश में भले ही चुनाव का रिजल्ट फिफ्टी-फिफ्टी रहा हो, पर सही मायने में हम कांग्रेस से आगे हैं। इस चुनाव से कांग्रेस राज्यसभा सांसद की एक सीट हारी है जो भाजपा के खाते में आने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव में महिलाओं के खाते में 8500 रुपये भेजने, आरक्षण  खत्म करने  की अफवाह फैलाकर लोगों को बरगलाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अब जनता कांग्रेस के फरेब को समझ चुकी है, इसलिए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ कर देगी।

मनोहर लाल ने कहा कि भाजपा सरकार जरूरतमंद और अंत्योदय को आगे बढ़ाने वाली विचारधारा की पार्टी है।  कांग्रेस पार्टी ने 1975 में संविधान के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी संविधान की धज्जियां उड़ाने का काम किया।  केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अब शीघ्र ही प्रदेश में विधानसभा के चुनाव आने वाले हैं और हर कार्यकर्ता को एक-एक घर में जाकर अपने चुनाव का प्रचार करना है और तीसरी बार मुख्यमंत्री नायब सिंह के नेतृत्व में भाजपा की पूर्ण बहुमत से सरकार बनानी है।

ये रहे मौजूद
केन्द्रीय राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने विस्तृत प्रदेश कार्यकारिणी में राजनीतिक प्रस्ताव रखा। कार्यक्रम में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनखड़, , केंदीय मंत्री राव इंद्रजीत, डा. सुधा यादव, संगठन सह प्रभारी सुरेंद्र नागर, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, सांसद सुभाष बराला, सांसद नवीन जिंदल, महामंत्री मोहनलाल बडोली, सुरेन्द्र पूनिया, अर्चना गुप्ता, सांसद रामचंद्र जांगडा, संगठन मंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, पूर्व मंत्री अनिल विज, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा,  विधायक लीलाराम गुर्जर, किरण चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष पंचकूला दीपक शर्मा, पंचकूला महापौर कुलभूषण गोयल समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!