जीत के बाद खाटूश्याम आशीर्वाद लेने पहुंचे

दावा हम मोदी के नेतृत्व में सरकार बना रहे हैं

भारत सारथी/ कौशिक 

नारनौल। लोकसभा चुनाव-2024 की मतगणना का कार्य मंगलवार को जिले में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। इसके लिए जिले में आईटीआई गर्ल्स व पीआर सेंटर में केंद्र बनाए गए थे। इसके अलावा ओलंपिक क्लब हॉल में ईटीपीबीएस व पोस्टल बैलेट की गणना की गई। एक बार फिर भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा से तीसरी बार धर्मबीर चौधरी ने जीत दर्ज की है। महेंद्रगढ़ जिले की चारों विधानसभा सीट पर भाजपा के धर्मबीर सिंह को 5,82,735 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के राव दानसिंह को 5,41,926 वोट मिले। 

महेंद्रगढ़ में 65.39 फीसदी मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। भाजपा प्रत्याशी ने महेंद्रगढ़ जिले की चारों विधानसभा सीट पर बढ़त बनाकर रखी। अगर ऐसा कहे कि महेंद्रगढ़ का मतदाता हमेशा भिवानी पर मेहरबान रहा है। इससे पहले भिवानी की प्रत्याशी श्रुति चौधरी को सांसद बनाया। वहीं अब लगातार तीसरी बार चौधरी धर्मबीर को संसद में पहुंचाने का काम किया है। इस जीत में भिवानी विधानसभा क्षेत्र का सबसे बड़ा हाथ है। क्योंकि उन्हें भिवानी विधानसभा से 28,851 मतों से बढ़त दी है। लोहारू, बाढड़ा, चरखी दादरी में भाजपा कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह से पिछड़ी है।

जिला महेंद्रगढ़ की चारों सीटों ने धर्मवीर को जिताई बाजी

महेंद्रगढ़ जिले में मिले प्रत्याशियों को वोट

प्रत्याशी पार्टी महेंद्रगढ़ जिले में मिले वोट

धर्मबीर सिंह भाजपा 582735 – राव दानसिंह कांग्रेस 541926 – बहादुर सिंह जजपा 15076 -सुनील कुमार शर्मा बसपा 6239

सुभाष आरजेएलपी 4663 – हेमंत निर्दलीय 3867 -सीमा निर्दलीय 2961- वेद प्रकाश निर्दलीय 1897 –

आनंद कुमार बीजेकेपी 1642 – योगबीर सिंह निर्दलीय 1473 – वर्षा निर्दलीय 993 – बलवान पीपीएफई 854

रोहताश एसयूएसएफ 637 – जय सिंह निर्दलीय 442 – भारत भूषण बीएससीएचपी 440 – इंजीनियर महावीर सिंह यादव निर्दलीय 406 – जगदीश निर्दलीय 219

नोटा —- 5197 

महेंद्रगढ़ जिले की चारों विधानसभा सीट में अटेली के मतदाताओं ने भाजपा प्रत्याशी चौ. धर्मबीर सिंह की जीत में अहम भूमिका निभाई है। अटेली के बाद नारनौल, महेंद्रगढ़ और नांगल चौधरी में भी बढ़त रही। हालांकि इन चारों विधानसभा सीट पर नांगल चौधरी की बढ़त कम रही है।

– महेंद्रगढ़ विधानसभा 

कुल मतदान 144208 – राव दान सिंह (कांग्रेस) 67008 – धर्मबीर सिंह (भाजपा) 71848 – धर्मबीर को बढ़त 4840

– अटेली विधानसभा

कुल मतदान 138092 – राव दान सिंह (कांग्रेस) 56695 – धर्मबीर सिंह (भाजपा) 76198 – धर्मबीर को बढ़त 19503

– नारनौल विधानसभा

कुल मतदान 102691 – राव दान सिंह (कांग्रेस) 40718 – धर्मबीर सिंह (भाजपा) 58380 – धर्मबीर को बढ़त 17662

– नांगल चौधरी विधानसभा

कुल मतदान 99411 – राव दान सिंह (कांग्रेस) 46229 – धर्मबीर सिंह (भाजपा) 48821 – धर्मबीर को बढ़त 2592

बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र

कुल मत 1,31,641 – राव दान सिंह (कांग्रेस) 76,972 – धर्मबीर सिंह (भाजपा) 49,870 – राव दान सिंह बढ़त 27,102 

– चरखी दादरी विधानसभा क्षेत्र

कुल मत 1,28,600 – राव दान सिंह (कांग्रेस) 64,588 – धर्मबीर सिंह (भाजपा) 49,307 – राव दान सिंह को बढ़त 15,281

– तोशाम विधानसभा क्षेत्र

कुल मतदान- 1,45,648 – राव दान सिंह (कांग्रेस) 65,124 – धर्मबीर सिंह (भाजपा) 73,187 – धर्मबीर को बढ़त 8,063

– भिवानी विधानसभा क्षेत्र

कुल मतदान- 1,39,695 – राव दान सिंह (कांग्रेस) 52,383 – धर्मबीर सिंह (भाजपा) 81,234 – धर्मबीर को बढ़त 28,851 

– ऐसे रहे हैं 2009 के बाद भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा के चुनाव 

वर्ष 2009 में कांग्रेस प्रत्याशी श्रुति चौधरी ने जीत हासिल की थी। श्रुति चौधरी को 3,02817 वोट मिले, जो कुल मतदान के 35.03 प्रतिशत थे। वहीं दूसरे नंबर पर इनेलो से अजय चौटाला को 2,47,240 वोट मिले, जो 28.60 प्रतिशत थे। 2014 में धर्मबीर सिंह भाजपा से जीते थे। धर्मबीर सिंह को 4,04,542 वोट मिले, जो कि कुल मतदान में से 39.26 प्रतिशत थे। इनेलो के राव बहादुर सिंह को 2,75,148 वोट मिले, जोकि कुल मतदान में से 26.70 प्रतिशत थे। वहीं तीसरे नंबर पर श्रुति चौधरी रही। उनको 2,68,115 वोट मिले, जो कि 26.02 प्रतिशत थे। 2019 के चुनाव में भाजपा के धर्मबीर सिंह ने दोबारा जीत हासिल की। इस बार 7,36,699 वोट मिले, जो कि 63.45 प्रतिशत थे। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी श्रुति चौधरी को 2,92,236 वोट मिले। उनका वोट प्रतिशत 25.17 रहा था। 

2024 के चुनाव में भाजपा के धर्मबीर सिंह ने तीसरी बार जीत दर्ज की। इस दौरान धर्मबीर चौधरी को 582735 वोट मिले। वहीं दूसरे नंबर पर कांग्रेस से राव दानसिंह को 5,41,926 वोट मिले। भाजपा के उम्मीदवार चौधरी धर्मबीर सिंह को जीत जरूर हासिल हुई लेकिन लोहारू हलके में उनको कांग्रेसी उम्मीदवार राव दानसिंह के मुकाबले 8,319 वोट कम प्राप्त हुए। 

लोकसभा चुनाव में लोहारू विधानसभा से कांग्रेस उम्मीदवार राव दानसिंह को 72,209 वोट प्राप्त हुए हैं तथा सांसद चौ धर्मबीर सिंह को 63,890 वोट हुए है। जबकि पिछले लोकसभा चुनावों में भाजपा उम्मीदवार चौ धर्मबीर सिंह ने लोहारू हलके से 76,767 वोट हासिल किए थे। 

लोहारू हलके से भाजपा के विधायक एवं प्रदेश के कैबिनेट मंत्री जेपी दलाल द्वारा पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान करवाए गए ताबड़तोड़ विकास कार्यों नहरी पानी और विकास परियोजनाओं की बलबूते माना जा रहा था कि यहां भाजपा का ग्राफ काफी ऊंचा हुआ है, लेकिन विधानसभा चुनावों का यह सेमीफाइनल भाजपा को परेशानी में डालता दिखाई दे रहा है।

पिछले विधानसभा चुनावों में जेपी दलाल करीब 61,000 से अधिक वोट हासिल करके लोहारू हलके से विधायक चुने गए थे और बाद में भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री बने थे। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद उन्होंने लोहारू हलके में विकास कार्यों को नई गति दी थी।

हलके में पहले चार राउंड के बाद धर्मबीर सिंह पिछड़ते चले गए

लोहारू हलके में इस बार 230 बूथ बनाए गए थे तथा गिनती के लिए लगाई गई टेबल के अनुसार वोटों की गिनती के 17 राउंड निर्धारित किए गए थे। हलके के बड़वा के बूथों से शुरू हुई वोटों की गिनती के दौरान भाजपा उम्मीदवार चौधरी धर्मबीर सिंह चार राउंड तक कांग्रेस के उम्मीदवार राव दानसिंह से बढ़त बनाए हुए थे। लेकिन उसके बाद चौ धर्मबीर सिंह पिछड़ते चले गए और लोहारू हलके में अंतिम राउंड तक वे राव दान सिंह के मुकाबले करीब 8,319 वोट कम प्राप्त कर पाए।

मतगणना केंद्र में दोपहर के समय अपनी जीत निश्चित होने के बाद पहुंचे भाजपा प्रत्याशी चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि मतदान होने के बाद ही मैंने अपनी जीत के बारे बता दिया था। मैंने कहा था कि हम करीब चालीस हजार वोट से जीत रहे हैं और परिणाम भी लगभग वैसा ही आया है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा का ऑल ओवर प्रदर्शन बेहतर रहा है और हम देश में तीसरी बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बना रहे हैं। इसके बाद चौधरी धर्मबीर सिंह सीधे राजस्थान के खाटू धाम में बाबा श्याम के दर्शनों के लिए निकल गए। चौधरी धर्मबीर सिंह ने कहा कि उन पर बाबा श्याम की विशेष कृपा है। जिसके सहारे उन्हें तीसरी बार भी सफलता प्राप्त हुई है। भाजपा प्रत्याशी टिकट मिलने के बाद भी खाटू धाम आशीर्वाद लेने गए थे और जीत के बाद भी आशीर्वाद लेने पहुंच गए। 

उनके खाटू श्याम चले के कारण भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष दयाराम यादव के साथ काफी देर तक उनका इंतजार करते हुए जीत जश्न मनाया और ढोल पर झूमते हुए लड्डू भी बांटे।

error: Content is protected !!