गोगामेड़ी हत्याकांड में बड़ी कामयाबी…….. शूटरों का मददगार रामवीर जाट गिरफ्तार

भारत सारथी/ कौशिक

नारनौल/जयपुर। राजस्थान पुलिस ने गोगामेड़ी हत्याकांड के सिलसिले में हरियाणा के एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। जयपुर के पुलिस आयुक्त बीजू जॉर्ज जोसेफ ने बताया कि गोगामेड़ी हत्याकांड के साजिशकर्ताओं में शामिल आरोपी रामवीर जाट 23 वर्ष को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। यह हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली थाना के गांव सुरेती पिलानियां गांव का रहने वाला है।

श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार को शूटर नितिन फौजी एवं रोहित राठौड़ ने अंधाधुंध गोलीबारी कर हत्या कर दी थी। पुलिस के अनुसार नितिन फौजी के लिए जयपुर में पूरी व्यवस्था रामवीर ने की थी। उन्होंने बताया कि ये दोनों दोस्त हैं। बारहवीं कक्षा तक नितिन और रामवीर ने साथ में ही पढ़ाई की है। दोनों ने आरपीएससी सीनियर सेकेंडरी स्कूल महेंद्रगढ़ में 12वीं की क्लास में एक साथ पढ़ाई की। 12वीं पास करने के बाद नितिन फौजी सेवा में भर्ती हो गया। रामवीर ने जयपुर के मानसरोवर स्थित बिल्फ्रेड कॉलेज से साल 2017 से 2020 तक बीएससी और 2021 से 2023 तक कालवाड़ रोड स्थित विवेक पीजी कॉलेज में एमएएससी (मैथ) की पढ़ाई की । रामवीर अप्रैल 2023 में एमएससी का अंतिम पेपर देकर गांव चला गया था।

वारदात के बाद रामवीर ही आरोपी नितिन एवं रोहित को मोटरसाइकिल पर लेकर बगरू टोल प्लाजा से आगे गया और उन्हें राजस्थान रोडवेज के नागौर डिपो की एक बस में बैठा कर फरार करवाया था। उन्होंने बस में एक लड़के का फोन लेकर किसी को कॉल भी किया था डीडवाना पहुंचने के बाद भी दोनों शूटर ने एक ड्राइवर को कॉल लगाया और स्विफ्ट कर किराए पर ली। इसी कर में दोनों शूटर सुजानगढ़ तक पहुंचे यहां से दिल्ली की बस में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार इस मामले में रामवीर एवं एक अन्य संदिग्ध आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

गोगामेड़ी पर फायरिंग करने वाला दूसरा आरोपी नितिन आर्मी में है। उसके पिता कृष्ण कुमार फौजी से रिटायर्ड है। नितिन का बड़ा भाई अशोक कुमार भी आर्मी में है। वह हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के गांव दोंगड़ा जाट का रहने वाला है नितिन करीब 5 साल पहले फौज में भर्ती हुआ था। अलवर में 19 जाट बटालियन में उसकी पोस्टिंग थी।

नितिन 1 साल पहले ही यहां आया था। वह 8 नवंबर को 2 दिन की छुट्टी लेकर गांव आया था। गांव में एक दिन ही रुका था। अगले दिन 9 नवंबर को वह गाड़ी की सर्विस करने की बात कह कर घर से निकला था। उसके बाद वह ने तो घर पर लौटा। न हीं परिवार के सदस्यों से फोन पर कोई बात हुई।

गत 9 नवंबर को नितिन फौजी और उसके साथियों ने महेंद्रगढ़ में सदर थाना पुलिस पर फायरिंग की थी और फरार हो गए थे। रामवीर ने नितिन फौजी की जयपुर में होटल और अपने परिचित के फ्लैट पर रुकने की व्यवस्था की थी। शनिवार को पुलिस ने आरोपी रामवीर को उसके घर से पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया है।

हमलावरों ने बीते 5 दिसंबर को गोगामेड़ी की जयपुर के श्यामनगर स्थित उसके घर में घुसकर हत्या कर दी थी, जिसके बाद बुधवार को समर्थकों ने जयपुर बंद का आह्वान किया था। गोगामेड़ी की हत्या की जांच के लिए पुलिस ने बुधवार को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया।

पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने हमलावर रोहित सिंह राठौड़ गांव जूसरिया (थाना मकराना) तथा नितिन फौजी गांव दोंगड़ा जाट (महेंद्रगढ़, हरियाणा) की सूचना देने वाले को पांच-पांच लाख रुपए के इनाम की घोषणा भी की है।

Previous post

पिछले 9 सालों में सरकार ने जनता को दिया भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, सर्विस डिलीवरी को भी बनाया सरल व सुगम – मुख्यमंत्री 

Next post

भारत ने सिखाई विश्व को श्रेष्ठ जीवन पद्धति – महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव

You May Have Missed

error: Content is protected !!