— शहीदों के परिजनों के चरणों की धूल छूकर अभिभूत हूं: धनखड़
–बादली तिरंगा यात्रा में उमड़ा किसानों, युवाओं, महिलाओं का जनसैलाब
— भारत माता और वीर शहीदों के जयकारों से गूंजा बादली का आसमान

चंडीगढ़/ झज्जर, 14 अगस्त। गांव-गांव वीरभूमि, अगणित शौर्य गाथा, ऐसा है हमारा हरियाणा। शहीदों के माता-पिताओं के चरणों की धूल छूकर मैं अभिभूत हूं। आजादी के परम वीरों हरियाणा तुमको शीश नवाता है। बादली तिरंगा यात्रा में उमड़े देशभक्ति से ओत-प्रोत किसानों, युवाओं, महिलाओं के जनसैलाब को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि आजादी का संग्राम हो, आजादी के बाद मां भारती के सम्मान की बात हो हरियाणा के वीरों ने हमेशा तिरंगे का मान बढ़ाया है। आजादी के आंदोलन में और आजादी के बाद मां भारती की रक्षा करते हुए शहादत देने में, खेलों में हमारे युवा तिरंगे का मान सम्मान बढ़ाने में सबसे आगे हैं। आजादी के आंदोलन से लेकर आज तक हरियाणा के अगणित वीरों ने अपने खून से मां भारती को सींचा है, अब ऐसे वीर शहीदों शौर्यगाथा को सम्मान के साथ युवा पीढ़ी के समक्ष लाने का वक्त आ गया है।

बादली तिरंगा यात्रा का शुभारंभ शिव मंदिर से हुआ और टीआरएच स्कूल के पास समापन हुआ। बादली तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में युवा, महिलाएं , किसान तिरंगा लेकर पंहुचे। जबकि हजारों युवा हाथों में तिरंगा लिए हुए आजादी के मतवालों की तरह नजर आए। बादली का आसमान भारत माता-वीर शहीदों के जयकारों से गूंज उठा।

धनखड़ ने कहा कि जिन वीरों ने हमारे सुनहरे पलों और तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना बलिदान दिया, आज हरियाणा और बादली के देशभक्त उनके सम्मान में खड़े हैं। उन्होंने कहा कि जो कौम अपना इतिहास याद रखती है, वहीं कौम आगे बढ़ती है। धनखड़ ने जोर देकर कहा शहीदों की शौर्य गाथाओं को अपने दिल में रखों, तिरंगा लहराता रहेगा। दुनिया की कोई ताकत नहीं जो तिरंगे को झुका सके। हमारे तिरंगे में वीरों की शहादत का रंग है, किसानों की मेहनत का रंग है, तिरंगे में श्रमिकों के पसीने का रंग है, युद्ध वीरांगनाओं के त्याग का रंग है। तिरंगे में युवाओं के सपनों का रंग है। दुनिया के बहादुर देश इजराइल से सीखे, वो कहते हैं कि लड़ोगे तो बचोगे। हमारी युवा पीढ़ी को यह सीख लेने की जरूरत है।

प्रदेश अध्यक्ष धनखड़ ने कहा कि तिरंगा हवा से नहीं वीरों की आखिरी सांसो से लहराता है। भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, चंद्रशेखर आजाद जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने तिरंगे के लिए हंसते-हंसते बलिदान दिया है। धनखड़ ने कहा कि तिरंगा यात्रा के आयोजन से शहीदों का मान बढ़ा है और परिजनों का सम्मान। तिरंगा यात्रा से युवा पीढ़ी को देश भक्ति के प्रति नई प्रेरणा मिली है।

सांसद डॉ अरविंद शर्मा और राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने कहा कि बादली की तिरंगा यात्रा ऐतिहासिक रही है। हर वर्ग के लोग तिरंगा और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश,जुनून और जज़्बे के साथ तिरंगा यात्रा में भागीदार बने। श्री धनखड़ ने बादली तिरंगा यात्रा में पहुंचे सभी का अभिनंदन और स्वागत किया। ग्रामीणों ने तिरंगा यात्रा में ढोल नगाड़े बजाते हुए घोड़ी पर तिरंगे लेकर यात्रा में शामिल हुए। भारत माता व शहीदों के जयकारों के साथ भागीदार बने। पूरा माहौल देश भक्ति से ओत प्रोत रहा।

सुरजेवाला के कर्मों को देखते हुए भगवान ने उनकी मति हर ली: धनखड़

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बादली विधानसभा की तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस पर करारा प्रहार किया। धनखड़ ने तिरंगा झंडा हाथ में लहराते हुए कहा कि कांग्रेस ने कभी भी शहीदों का सम्मान नहीं किया, बल्कि लाखों स्वतंत्रता सेनानियों के नाम उजागर भी नहीं होने दिए। आज भी कांग्रेस के नेता जनता का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला का यह कहना कि भारतीय जनता पार्टी को वोट देने वाली जनता ‘‘राक्षस’’ प्रवृति की है बड़ा ही निंदनीय बयान है। सुरजेवाला का बयान यह साबित करने के लिए काफी है कि कांग्रेस लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखती।

धनखड़ ने कहा कि सुरजेवाला के बयान से लगता है कि भगवान ने उनके कर्मों को देखते हुए उनकी मति (बुद्धि ) हर ली है। धनखड़ ने कहा कि रामायण की चौपाई में भी कहा गया है कि ‘‘जा को मैं दारूण दुख देऊ-ताकि मति पहले हर लेऊं’’, वही हाल कांग्रेस नेता सुरजेवाला का हो रहा है। श्री धनखड़ ने कहा कि जनता जनार्दन ईश्वर का विराट रूप है। मतदाता को राक्षस प्रवृत्ति का कहना भारत व हरियाणा की महान जनता का घोर अपमान है। कांग्रेस की नीति और नीयत पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि यह सब संगत का असर है। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि भारत की जनता सब सुन रही है और देख रही है। 2024 चुनाव में जनता कांग्रेस को इसका जवाब देगी। कांग्रेस के नेता अपनी मर्यादा खो चुके हैं और जनता के लिए अनादरपूर्ण शब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं।

error: Content is protected !!