डॉ विकास यादव और डॉ प्रियंका यादव ने थामा कांग्रेस का दामन
राहुल गांधी और मजबूती से लड़ेंगे जनता के हकों की लड़ाई : किरण चौधरी
युवाओं के निशाने पर है केंद्र की मोदी और प्रदेश की गठबंधन सरकार, अहीर रेजिमेंट की मांग जायज: श्रुति चौधरी

अटेली मंडी, 06 अगस्त, जिस इलाके में पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी हाशिये पर रही हो उसी इलाके में उमड़े जन सैलाब ने यहां के सियासी समीकरणों को पूरी तरह से हिला दिया। अटेली मंडी में आज किरण चौधरी और श्रुति चौधरी के नेतृत्व में जिस तरह से युवा, महिला, किसान और मजदूर लामबंद हुए वो बड़े राजनैतिक बदलाव का संकेत है। किरण और श्रुति भी उमड़ी भीड़ से गदगद नजर आई। डॉक्टर विकास यादव और डॉक्टर प्रियंका यादव ने साथियों सहित किरण और श्रुति चौधरी की अगुवाई में साथियों सहित कांग्रेस का दामन थामा। इससे पहले मोटर साईकिल के लंबे काफिले ने गगनभेदी नारे लगाते हुए किरण और श्रुति चौधरी की बाईपास से ओम रिसोर्ट तक अगवानी की।

अपने संबोधन में कांग्रेस की दिग्गज नेता व पूर्व केबिनेट मंत्री किरण चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी की दोषसिद्धि पर रोक लगने से जनता का शीर्ष अदालत पर विश्वास और बढ़ा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की अगुवाई में चली भारत जोड़ो यात्रा की अभूतपूर्व कामयाबी भाजपा को हजम नहीं हुई और उसने षड्यंत्र रचकर राहुल गांधी की सदस्यता निचली अदालत का फैसला आने के 24 घंटे के भीतर रद्द करवा दी। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने दूध का दूध पानी का पानी कर दिया। उन्होंने कहा कि सच्चाई की डगर पर निर्भीकता से चल रहे राहुल गांधी देश के किसान, मजदूर, युवा, महिलाओं और छोटे दुकानदारों की लड़ाई अब और अधिक मजबूती से लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का अंबार लगा पड़ा है। प्रदेश की गठबंधन सरकार लोगों का विश्वास खो चुकी है। उन्होंने कहा कि वो आगामी विधानसभा सत्र में सभी मुद्दों को जोर शोर से उठायेंगी।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व सांसद श्रुति चौधरी ने अहीर रेजिमेंट की मांग का समर्थन करते हुए अग्निवीर योजना को युवाओं के साथ विश्वासघात बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर साल 2 करोड़ रोजगार देने की बात कही थी लेकिन अपने वायदे से मुकर जाने के बाद उन्होंने युवाओं को यह योजना थमाकर छल किया है जिसका बदला युवा 2024 के चुनाव में लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार ने पेपर लीक मामले में रिकॉर्ड बना लिया है और बेरोजगारी में हरियाणा देशभर में पहले पायदान पर है। उन्होंने कहा कि सीईटी में हुई गड़बड़ी ने सरकार की पोल खोल दी है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। श्रुति चौधरी ने कहा कि जिस तरह से लोगों ने आज जन भावना दिखाई है उससे साफ हो गया है कि आने वाला समय कांग्रेस का है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें मौका दिया तो वे पूर्व की भांति उनकी दी हुई ताकत का इस्तेमाल उन्हीं की भलाई के लिए करेंगी।